चंडीगढ़, पांच अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी छह से आठ अक्टूबर तक जापान की यात्रा पर रहेंगे, जिसका उद्देश्य हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक, औद्योगिक व सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करना है।
यह यात्रा निवेश आकर्षित करने, प्रौद्योगिकी और विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने और हरियाणा को वैश्विक निवेशकों के लिए एक अग्रणी गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से की जा रही है।
राज्य सरकार के एक बयान में कहा गया कि सैनी छह अक्टूबर की सुबह तोक्यो पहुंचेंगे और जापान के विदेश मंत्रालय तथा अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठकों के साथ अपने आधिकारिक कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
मुख्यमंत्री सैनी विदेश राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा और अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग राज्य मंत्री कोगा युइचिरो के साथ व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान में सहयोग के संभावित क्षेत्रों को लेकर चर्चा करेंगे।
दोपहर में सैनी तोक्यो स्थित भारतीय दूतावास में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री हरियाणा में निवेश के अवसरों पर चर्चा करने के लिए जेट्रो, आइसिन, एयर वाटर, टीएएसआई, नम्बू, डेंसो, सोजित्ज़, निसिन फूड्स, कावाकिन होल्डिंग्स, सुमितोमो कॉर्पोरेशन और टोप्पन के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे।
बयान में कहा गया कि वह शिमाने प्रांत के गवर्नर के साथ भी औपचारिक बातचीत करेंगे।
सैनी सात अक्टूबर को विश्व एक्सपो 2025 में भाग लेने के लिए शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) से ओसाका जाएंगे।
वह विश्व एक्सपो 2025 में ‘हरियाणा स्टेट जोन’ का उद्घाटन करेंगे और एक्सपो स्थल पर जापान के मेयर और व्यापारिक दिग्गजों के साथ बातचीत करेंगे।
शाम को वह ओसाका में एक निवेश रोड शो में हिस्सा लेंगे, जिसमें वह हरियाणा के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित करेंगे और जापानी निवेशकों को राज्य में इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित करेंगे।
सैनी आठ अक्टूबर को सुजुकी के प्रबंधन से मिलेंगे और बाद में उन्नत विनिर्माण पर चर्चा के लिए ओसाका में कुबोटा संयंत्र का दौरा करेंगे।
सैनी ओसाका प्रांत के गवर्नर से भी मुलाकात करेंगे।
इन बैठकों के बाद सैनी भारत के लिए रवाना होंगे जबकि उद्योग मंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल यात्रा जारी रखेगा।
अपनी आगामी जापान यात्रा के बारे में सैनी ने कहा कि कई जापानी कंपनियां पहले से ही हरियाणा में काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य बजट में सरकार ने 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप की स्थापना की घोषणा की है और वर्तमान में उनके लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान की जा रही है।
भाषा योगेश खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.