scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशअर्थजगतजीएसएमए बोर्ड ने भारती एयरटेल के गोपाल विट्टल को फिर चेयरमैन चुना

जीएसएमए बोर्ड ने भारती एयरटेल के गोपाल विट्टल को फिर चेयरमैन चुना

Text Size:

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) वैश्विक दूरसंचार उद्योग संगठन जीएसएमए के निदेशक मंडल ने भारती एयरटेल के कार्यकारी वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल को वर्ष 2027-28 के कार्यकाल के लिए फिर से चेयरमैन चुना है। उनका कार्यकाल दिसंबर, 2028 तक रहेगा। संगठन ने सोमवार को यह जानकारी दी।

विट्टल पिछले 10 साल से जीएसएमए के निदेशक मंडल में हैं और वर्ष 2025 से चेयरमैन के रूप में कार्यरत हैं। जीएसएमए चेयरमैन के तौर पर वह संगठन की रणनीतिक दिशा तय करने की जिम्मेदारी संभालते हैं। यह संगठन दुनिया के मोबाइल परिचालकों और मोबाइल पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है।

विट्टल ने कहा, ”दूसरी बार जीएसएमए बोर्ड का चेयरमैन चुना जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। दूरसंचार उद्योग एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां उन्नत नेटवर्क, कृत्रिम मेधा (एआई) और खुले डिजिटल मंच अर्थव्यवस्था तथा समाज के लिए महत्वपूर्ण मूल्य पैदा कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि सुरक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें बढ़ते खतरों के बीच देशों की सुरक्षा, धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों से ग्राहकों की सुरक्षा और उद्योग को टिकाऊ बनाना शामिल है, ताकि प्रौद्योगिकी में निवेश जारी रखा जा सके और दुनिया के सभी हिस्सों में बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार हो सके।

जीएसएमए बोर्ड ने राल्फ मुपिता को फिर से सह-डिप्टी चेयरमैन चुना है। उनके साथ वोडाफोन समूह की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्गरीटा डेला वैले को भी सह-डिप्टी चेयरमैन बनाया गया है।

मुपिता सितंबर, 2020 से एमटीएन समूह के अध्यक्ष एवं सीईओ हैं। वहीं, डेला वैले जनवरी 2023 से वोडाफोन समूह की सीईओ हैं। इससे पहले वह वर्ष 2018 से समूह की मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) थीं।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments