scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमदेशअर्थजगतगोयल 22-27 अक्टूबर तक जर्मनी, नीदरलैंड के दौरे पर जाएंगे, व्यापार-निवेश बढ़ाने पर चर्चा

गोयल 22-27 अक्टूबर तक जर्मनी, नीदरलैंड के दौरे पर जाएंगे, व्यापार-निवेश बढ़ाने पर चर्चा

Text Size:

(राजेश राय)

बर्लिन, 21 अक्टूबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल करीब 100 उद्योगपतियों और कारोबारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ 22 से 27 अक्टूबर तक जर्मनी और नीदरलैंड की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान भारत और इन दोनों यूरोपीय देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।

गोयल 22 से 24 अक्टूबर तक बर्लिन में रहेंगे। इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय नीति-निर्माताओं और वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुख लोगों के साथ बातचीत करेंगे।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, “इन बैठकों में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने, उन्नत इंजीनियरिंग, हरित परिवहन और स्वच्छ प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तकनीकी एवं औद्योगिक सहयोग तेज करने तथा भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की जारी बातचीत से पैदा होने वाले बाजार पहुंच और निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी।”

गोयल 24 से 27 अक्टूबर तक नीदरलैंड में रहेंगे। हेग में वह दोनों देशों की सरकारों के बीच व्यापक स्तर पर बातचीत का नेतृत्व करेंगे।

मंत्री के साथ जर्मनी और नीदरलैंड के दौरे पर करीब 100 उद्योगपति और उद्यमी भी जाएंगे। भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल बर्लिन में अलग से कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा। इनमें जर्मनी की कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) और भारतीय कारोबारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा के लिए गोलमेज बैठकें शामिल हैं।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments