बर्लिन, 23 अक्टूबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत में निवेश के अवसरों पर चर्चा करने के लिए दवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी बायर और स्वास्थ्य सेवा समूह फ्रेसेनियस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कीं।
बायर के दवा प्रभाग के अध्यक्ष स्टीफन ओलरिच के साथ बैठक के दौरान गोयल ने कहा कि उन्होंने भारत में बायर की विस्तार योजनाओं और अधिक निवेश, नवाचार तथा सहयोग के जरिये देश के मजबूत स्वास्थ्य सेवा तंत्र के साथ कंपनी की भागीदारी बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की।
गोयल ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी, ‘‘फ्रेसेनियस समूह के सीईओ माइकल सेन के साथ सार्थक बैठक हुई। भारत के तेजी से बढ़ते स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र, गुणवत्तापूर्ण और किफायती चिकित्सा समाधानों की बढ़ती मांग तथा मजबूत विनिर्माण क्षमताओं का लाभ उठाकर स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की।’’
उन्होंने इस बात पर भी चर्चा की कि समूह घरेलू और वैश्विक, दोनों बाजारों की जरूरतें पूरी करने के लिए भारत के कुशल प्रतिभाशाली लोगों का किस तरह लाभ उठा सकता है।
नॉफ समूह के ‘जनरल पार्टनर’ (वैश्विक) मुरात अकिलीज के साथ बैठक में गोयल ने भारत में कंपनी के बढ़ते विनिर्माण परिचालन और टिकाऊ निर्माण सामग्री तथा बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.