scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशअर्थजगतगोदरेज प्रॉपर्टीज का बेंगलुरु में आवासीय परियोजना से 1,500 करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य

गोदरेज प्रॉपर्टीज का बेंगलुरु में आवासीय परियोजना से 1,500 करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य

Text Size:

मुंबई, 16 जून (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने बेंगलुरू में 14 एकड़ की आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए एक जमीन मालिक के साथ साझेदारी की है। कंपनी को इस परियोजना से 1,500 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वह पूर्वी बेंगलुरु के होस्कोटे में 14 एकड़ जमीन पर एक प्रीमियम आवासीय परियोजना विकसित करेगी।

कंपनी सूचना के अनुसार, प्रस्तावित परियोजना से करीब 15 लाख वर्ग फुट बिक्री योग्य क्षेत्र उपलब्ध होने की उम्मीद है, जिससे करीब 1,500 करोड़ रुपये का अनुमानित राजस्व हासिल होगा।

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने कहा कि इस अधिग्रहण से पूर्वी बेंगलुरु में कंपनी के निरंतर विस्तार को मजबूती मिलेगी।

सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने इस परियोजना को विकसित करने के लिए एक जमीन मालिक के साथ संयुक्त विकास समझौता (जेडीए) किया है।

एक संपत्ति सलाहकार के अनुसार, इस 14 एकड़ जमीन की कीमत करीब 200 करोड़ रुपये है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए न सिर्फ जमीन खरीदती है, बल्कि जमीन मालिकों के साथ साझेदारी भी करती है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौरव पांडे ने कहा, ‘‘ पूर्वी बेंगलुरु में होस्कोटे हमारे लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है। यह उच्च गुणवत्ता वाले आवास की मजबूत मांग को दर्शाता है और सर्वश्रेष्ठ श्रेणी के आवासीय समुदायों को विकसित करने के हमारे दृष्टिकोण के अनुरूप है।’’

इस महीने की शुरुआत में गोदरेज प्रॉपर्टीज ने एक आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए पुणे में करीब 800 करोड़ रुपये में 14 एकड़ जमीन खरीदी थी।

भाषा निहारिका रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments