नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 42 प्रतिशत घटकर 349.38 करोड़ रुपये रह गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 598.40 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय भी घटकर 1,345.04 करोड़ रुपये रह गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,620.34 करोड़ रुपये थी।
परिचालन मोर्चे पर गोदरेज प्रॉपर्टीज की चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में बिक्री बुकिंग 22 प्रतिशत बढ़कर 8,651 करोड़ रुपये रही।
कंपनी ने अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 62 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल वाली 3,738 इकाइयों की बिक्री की।
यह लगातार छठी तिमाही है जिसमें बिक्री बुकिंग का मूल्य 7,000 करोड़ रुपये से अधिक रहा है।
गोदरेज प्रॉपर्टीज के कार्यकारी चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने कहा कि कंपनी ने बुकिंग, संग्रह, कारोबार विस्तार और आय के मोर्चे पर एक और मजबूत तिमाही दर्ज की है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमें उम्मीद है कि प्रमुख बाजारों में अंतिम उपयोगकर्ताओं की मजबूत मांग के दम पर शेष वर्ष के दौरान भी बिक्री की रफ्तार बनी रहेगी।’’
पिरोजशा ने भरोसा जताया कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में 39,000 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री बुकिंग और 24,000 करोड़ रुपये के संग्रह का लक्ष्य हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि इससे कंपनी करीब 9,000 करोड़ रुपये का परिचालन नकदी प्रवाह सृजित कर सकेगी, जिससे सतत वृद्धि में उसके निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.