(राजेश राय)
हेग, 26 अक्टूबर (भाषा) वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि यूरोप व्यवसायों पर विनियामक बोझ बढ़ा रहा है, जबकि उद्योग जगत को सरल प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि भारत नियमों को सरल बनाकर कंपनियों के लिए बड़े अवसर पैदा कर रहा है।
हल्के-फुल्के अंदाज में गोयल ने कहा, ”दुर्भाग्य से, आपको इस मामले में हमसे एक-दो सबक सीखने की जरूरत है।”
उन्होंने आगे कहा, ‘‘चूंकि यूरोप व्यवसायों पर विनियामक बोझ बढ़ा रहा है, मैं आपको बता दूं कि जब भी मैं यह बात कहता हूं, तो मैं आपके देशों के व्यवसायों का चहेता बन जाता हूं… ऐसे कई अवसर आए हैं जब मैंने यूरोपीय आयोग के स्तर पर और कई यूरोपीय देशों में राज्य स्तर पर भारी विनियामक अतिरिक्त बोझ के बारे में बात की है।’’
उन्होंने कहा, ”जब कार्यक्रम समाप्त होता है, तो (यूरोपीय देशों के) मंत्री मुझसे बहुत खुश नहीं होते, बल्कि व्यवसाय के लोग आकर चुपचाप मुझसे कहते हैं, काश आप इसे थोड़ा और कह पाते… क्योंकि वास्तव में दुनिया विनियमन से मुक्ति चाहती है।”
मंत्री यहां भारत-नीदरलैंड व्यवसायी मंच को संबोधित कर रहे थे। वह दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर यहां आए हैं।
नीदरलैंड यूरोपीय संघ (ईयू) का एक महत्वपूर्ण सदस्य है, जिसके साथ भारत ने एक मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया है। इसके दिसंबर में हस्ताक्षरित होने और अगले साल मार्च-अप्रैल तक लागू होने की उम्मीद है।
गोयल ने कहा, ”दुनिया अधिक स्वतंत्रता चाहती है… कारोबारी दुनिया कम अनुपालन, सरल प्रक्रियाओं, सरल कार्यप्रणाली और कम कागजी कार्रवाई चाहती है।” उन्होंने आगे कहा कि भारत में सरकार हमेशा कारोबार सुगमता को बढ़ावा देने के लिए व्यवसायों से सुझाव मांगती है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.