नयी दिल्ली, छह अक्टूबर (भाषा) बिजली खरीद-बिक्री मंच इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (आईईएक्स) की बिजली कारोबार की मात्रा सितंबर में सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत बढ़कर 12.2 अरब यूनिट (बीयू) हो गई।
बयान के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में आईईएक्स पर बिजली कारोबार की मात्रा 3,968.5 करोड़ यूनिट रही जो सालाना आधार पर 12.7 प्रतिशत अधिक है।
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में ‘डे-अहेड मार्केट’ (डीएएम) यानी अगले दिन की आपूर्ति में औसत बाजार समापन मूल्य 5.7 रुपये प्रति यूनिट रहा जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के मुकाबले 46 प्रतिशत अधिक है।
इसी तरह, कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में वास्तविक समय पर औसत बाजार समापन मूल्य 5.2 रुपये प्रति यूनिट रहा जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही की तुलना में 49 प्रतिशत अधिक है।
इसी तिमाही में देश की ऊर्जा खपत 502 अरब यूनिट तक पहुंच गई जो सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत की वृद्धि है।
सितंबर में आईईएक्स पर बिजली कारोबार की मासिक मात्रा 1,222 करोड़ यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 10.4 प्रतिशत अधिक है। इसी महीने भारत में बिजली की मांग मजबूत बनी रही और 10 सितंबर, 2026 को अधिकतम मांग 269 गीगावाट तक पहुंच गई।
सितंबर 2026 में जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश की ऊर्जा खपत 162 अरब यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 11 प्रतिशत अधिक है। बिजली की मजबूत मांग के कारण डीएएम में खरीद बोलियों में सालाना आधार पर 281 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे बाजार कीमतों में बढ़ोतरी हुई।
सितंबर 2026 में डे-अहेड मार्केट में औसत बाजार समापन मूल्य 7.3 रुपये प्रति यूनिट रहा, जो सालाना आधार पर 105 प्रतिशत अधिक है।
इसी तरह, सितंबर 2026 में वास्तविक समय में औसत बाजार समापन मूल्य 6.9 रुपये प्रति यूनिट रहा, जो सालाना आधार पर 108 प्रतिशत अधिक है।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.