scorecardresearch
Friday, 20 November, 2026
होमदेशअर्थजगतवाणिज्यिक कोयला खदान की नीलामी में 18 ब्लॉक के लिए 85 बोलियां मिलीं

वाणिज्यिक कोयला खदान की नीलामी में 18 ब्लॉक के लिए 85 बोलियां मिलीं

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 नवंबर (भाषा) सरकार को वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी के मौजूदा दौर में 18 कोयला ब्लॉक के लिए 85 बोलियां मिली हैं। आठ राज्यों में कुल 26 कोयला ब्लॉक की पेशकश की गई थी।

कोयला मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि नामित प्राधिकरण ने वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी के 16वें दौर और 15वें दौर के दूसरे प्रयास के लिए बोलियां खोलीं। इस दौरान 18 कोयला ब्लॉक के लिए कुल 85 बोलियां प्राप्त हुईं, जो उम्मीद से अधिक हैं।

बयान के मुताबिक, 16वें दौर में 17 कोयला ब्लॉक के लिए 83 बोलियां मिलीं, जबकि 15वें दौर के दूसरे प्रयास में एक कोयला ब्लॉक के लिए दो बोलियां प्राप्त हुईं।

मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा दौर में प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी रही। कुल 26 में से 16 कोयला ब्लॉक के लिए एक से अधिक बोलियां प्राप्त हुईं। इस दौर में पहली बार बोली लगाने वाले 20 बोलीदाता भी वाणिज्यिक कोयला खनन व्यवस्था से जुड़े हैं।

सरकार घरेलू कोयला उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए वाणिज्यिक कोयला खनन को बढ़ावा दे रही है।

वर्ष 2020 से अब तक कुल 15 दौर की नीलामी में 145 कोयला खदानों की नीलामी की जा चुकी है। इससे 44 नई कंपनियां इस क्षेत्र में आई हैं।

इन खदानों से करीब 47,500 करोड़ रुपये का सालाना राजस्व और लगभग 4.9 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

भाषा पाण्डेय प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments