नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) बीएलएस पॉलिमर्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के पहले दिन 9.60 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 255 करोड़ रुपये के इस आईपीओ के तहत 1,19,00,000 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 11,42,65,600 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 12.99 गुना अभिदान मिला, जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित हिस्से को 12.03 गुना बोलियां मिलीं। खुदरा निवेशकों की श्रेणी में 6.76 गुना अभिदान मिला।
बीएलएस पॉलिमर्स ने एंकर निवेशकों से 76.50 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
इस आईपीओ में 1.7 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जा रहे हैं। इसके लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 29 अक्टूबर को समाप्त होगी।
शेयरों का मूल्य दायरा 142 से 150 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
विवरण पुस्तिका के अनुसार, कंपनी निर्गम से प्राप्त राशि में से 77.56 करोड़ रुपये का उपयोग अपनी विनिर्माण इकाई के विस्तार और कुछ मौजूदा उत्पादों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए करेगी। इसके अलावा, 89.5 करोड़ रुपये का उपयोग कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। शेष राशि सामान्य कंपनी उद्देश्यों के लिए खर्च की जाएगी।
बीएलएस समूह की इकाई बीएलएस पॉलिमर्स दूरसंचार, बिजली, रेलवे, जलापूर्ति तथा तेल एवं गैस वितरण जैसे उद्योगों में इस्तेमाल होने वाले विशेष जरूरतों के अनुरूप तैयार पॉलिमर कंपाउंड का विनिर्माण करती है। कंपनी की गोवा स्थित विनिर्माण इकाई की स्थापित क्षमता 35,251 टन सालाना है।
कंपनी भारत के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कारोबार करती है तथा अमेरिका, जर्मनी, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और बांग्लादेश सहित 13 देशों में अपने उत्पादों का निर्यात करती है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.