scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशअर्थजगतबिहार सरकार ने बैंकों के प्रदर्शन की रैंकिंग के लिए सूचकांक शुरू किया

बिहार सरकार ने बैंकों के प्रदर्शन की रैंकिंग के लिए सूचकांक शुरू किया

Text Size:

पटना, 24 अक्टूबर (भाषा) बिहार सरकार ने राज्य में बैंक परिचालन की स्थिति को दर्शाने एवं रैंकिंग तय करने के मकसद से पहली बार 100 अंकों का प्रदर्शन सूचकांक शुरू किया है।

बिहार के विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि फिलहाल आईडीएफसी फर्स्ट बैंक 74 अंकों के साथ इस सूची में शीर्ष पर है।

राज्य के वित्त विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘बैंकों को उनके अंकों के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें 50 या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 11 बैंक ‘ग्रीन जोन’ में हैं, जो उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकेत देता है। वहीं, सात बैंक ‘येलो जोन’ में हैं, जबकि कई अन्य बैंक ‘रेड जोन’ में रखे गए हैं। ‘रेड जोन’ में प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भी शामिल हैं।’’

अधिकारी ने कहा कि बिहार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4.95 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक ऋण योजना लक्ष्य निर्धारित किया है। बैंकों ने 30, सितंबर तक 1.89 लाख करोड़ रुपये का ऋण वितरित कर दिया है, जो निर्धारित लक्ष्य का 38.25 प्रतिशत है।

यह राशि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 46,228.29 करोड़ रुपये अधिक है।

बयान के अनुसार, सूक्ष्म, लघु एवं मझोला उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में ऋण वितरण लक्ष्य का 52.68 प्रतिशत रहा। इस क्षेत्र में 1.59 लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 84,091.21 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया।

वहीं, कृषि क्षेत्र में 43,967.17 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 28 प्रतिशत है।

यहां आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सिंह ने बैंकों को वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए तत्परता से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में जुटाई गई जमा राशि का दोबारा निवेश राज्य के विकास में किया जाना चाहिए।

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments