नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) कैजुअल और डेनिम परिधान क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अरविंद फैशन लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफा 19.44 प्रतिशत बढ़कर 67.62 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 56.61 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था। अरविंद फैशन लिमिटेड (एएफएल) ने सोमवार को शेयर बाजार को दी नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी।
कंपनी का परिचालन से राजस्व सितंबर तिमाही में 9.96 प्रतिशत बढ़कर 1,558.83 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,417.51 करोड़ रुपये था।
सितंबर तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 9.77 प्रतिशत बढ़कर 1,474.43 करोड़ रुपये रहा। वहीं, अन्य स्रोतों से प्राप्त आय सहित उसकी कुल आय 9.4 प्रतिशत बढ़कर 1,565.82 करोड़ रुपये रही।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में अरविंद फैशन की कुल एकीकृत आय 11.7 प्रतिशत बढ़कर 2,851.33 करोड़ रुपये हो गई।
कंपनी की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमीषा जैन ने कहा कि दूसरी तिमाही में कंपनी ने मुनाफे के साथ वृद्धि दर्ज की। इस दौरान राजस्व में 10 प्रतिशत और कर-पूर्व-आय में 15.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
उन्होंने कहा कि त्योहारी मौसम और ऑनलाइन बिक्री आयोजन के समय में बदलाव के प्रभाव को समायोजित करने के बाद कंपनी की वास्तविक वृद्धि 15 प्रतिशत रही, जो उसके अनुमान के अनुरूप है।
अरविंद फैशन यूएस पोलो एसोसिएशन, एरो, टॉमी हिलफिगर, केल्विन क्लेन और फ्लाइंग मशीन जैसे प्रमुख वैश्विक ब्रांड के खुदरा स्टोर का संचालन करती है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.