नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने सोमवार को कहा कि वह डिजिटल एकल-खिड़की मंच ‘भारत आयात-निर्यात लैब सेतु’ की पायलट परियोजना शुरू करने जा रहा है।
यह प्रणाली देशभर की परीक्षण एवं निरीक्षण एजेंसियों को एक साथ जोड़कर निर्यात और आयात किए गए माल की परीक्षण रिपोर्ट और प्रमाणन प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और कागज-रहित बनाएगी।
डीजीएफटी के मुताबिक, यह मंच चार नवंबर से पायलट चरण में शुरू होगा और 11 नवंबर से निर्यातक एवं आयातक अपने उत्पादों या वस्तुओं की जांच के लिए इस मंच के जरिये ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
वाणिज्य मंत्रालय की विदेश व्यापार इकाई डीजीएफटी ने कहा, “भारत आयात-निर्यात लैब सेतु के गठन का उद्देश्य परीक्षण एवं प्रमाणन की प्रक्रिया को सरल बनाना है ताकि देशभर की मान्यता-प्राप्त प्रयोगशालाओं और निरीक्षण एजेंसियों को एकीकृत डिजिटल मंच पर लाया जा सके।”
इस प्रणाली के जरिये निर्यातक किसी भी उत्पाद श्रेणी के लिए ऑनलाइन खोज, चयन, आवेदन, ट्रैकिंग और डिजिटल परीक्षण रिपोर्ट एवं प्रमाणन प्राप्त कर सकेंगे।
डीजीएफटी ने कहा कि यह प्रणाली पारदर्शिता, ट्रेस किए जाने की क्षमता और प्रक्रिया पूरी होने में लगने वाले समय को बेहतर करने के साथ देश की गुणवत्ता अवसंरचना में वैश्विक विश्वास को मजबूत बनाएगी।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.