कोलकाता, 19 अक्टूबर (भाषा) बांग्ला सिनेमा के दिग्गज अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी के अवसर पर उन्हें कोलकाता में दुर्गा पूजा के कई आयोजकों ने विशेष पंडालों, दुर्लभ तस्वीरों और फिल्मों से जुड़ी यादगार वस्तुओं के जरिए श्रद्धांजलि दी।
भवानीपुर महापूजा समिति ने अपने 82वें वर्ष के आयोजन में अभिनेता को श्रद्धांजलि देने के लिए पंडाल की थीम ‘महापूजा-ए महानायक’ रखी है। इसमें उत्तम कुमार के बचपन और किशोरावस्था की यादों को दर्शाया गया है। अभिनेता ने अपना बचपन इसी मैदान में बिताया था, जहां अब दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
समिति के एक प्रवक्ता ने बताया कि पंडाल में उत्तम कुमार के निजी फोटो एलबम से ली गई दुर्लभ पारिवारिक तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इनमें कुछ तस्वीरें ऐसी भी हैं, जो इंटरनेट पर डिजिटल रूप में उपलब्ध नहीं हैं।
इन तस्वीरों में वर्ष 1928 की एक तस्वीर शामिल है, जिसमें अभिनेता दो साल के हैं। इसके अलावा, पत्नी गौरी देवी के साथ उनकी तस्वीर और अपनी पोती नबमिता को गोद में लिए उनकी एक यादगार तस्वीर भी प्रदर्शित की गई है।
बालीगंज के लेक व्यू रोड स्थित समाज सेवी संघ ने भी बांग्ला सिनेमा के ‘महानायक’ के रूप में लोकप्रिय उत्तम कुमार को उनकी जन्म शताब्दी पर श्रद्धांजलि दी है।
पूजा समिति के पदाधिकारी अरिजीत मोइत्रा ने बताया कि आयोजकों ने पंडाल को एक सिनेमाघर का रूप दिया है। इसमें 1960 और 1970 के दशक का माहौल तैयार किया गया है। इन दशकों को उत्तम कुमार के फिल्मी करियर का स्वर्णिम दौर माना जाता है।
पंडाल में उनकी फिल्मों के पुराने पोस्टर, लॉबी कार्ड, लोकप्रिय गीत और यादगार संवाद प्रदर्शित किए गए हैं। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अभिनेता की अमिट विरासत से परिचित कराना है।
करुणामयी एफ ब्लॉक सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के पंडाल में उत्तम कुमार को पोस्टरों के जरिये श्रद्धांजलि दी गई। समिति के एक प्रवक्ता ने बताया कि आयोजकों ने इस थीम पर शोध करने और इसे तैयार करने में करीब एक साल लगाया। उन्होंने किसी बाहरी थीम कलाकार की मदद लेने के बजाय पूरी सजावट खुद तैयार की।
पंडाल में उत्तम कुमार की 202 फिल्मों में से 201 के पोस्टर लगाए गए हैं। यहां आने वाले लोग एक गलियारे से गुजरते हैं, जिसमें अभिनेता के भवानीपुर स्थित पैतृक घर का पता दर्शाया गया है। गलियारे की दीवारों पर उनकी फिल्मों के पोस्टर कालक्रम के अनुसार लगाए गए हैं।
नक्तला नबापल्ली दुर्गा पूजा के पंडाल तक जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर लगे बड़े बैनरों पर अभिनेता की तस्वीरों के साथ उनकी फिल्मों के दृश्य प्रदर्शित किए गए हैं।
पूजा समिति की सांस्कृतिक सचिव रुचिरा चक्रवर्ती ने बताया कि इस अवसर पर उत्तम कुमार की सुपरहिट फिल्म ‘मौचाक’ का मंचीय रूपांतरण प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही उनकी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों की मेडली भी पेश की जाएगी।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.