नोएडा, सात नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-104 में अवैध संबंधों के चलते एक युवक ने अपने बड़े भाई के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है । पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
सेक्टर-39 थाने के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सेक्टर-104 के हाजीपुर गांव निवासी अनिल उर्फ टेंडी (23) पर उसके छोटे भाई शिवकुमार ने बीती रात पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक के एक अन्य भाई रामकुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
शुक्ल ने बताया कि जांच में पता चला कि शिवकुमार ने अवैध संबंधों के चलते बड़े भाई पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या की। उन्होंने बताया कि मृतक एटीएम तोड़ने और अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा था और कई बार जेल जा चुका था।
उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले जब अनिल जेल में था, तब उसकी पत्नी के शिवकुमार के साथ अवैध संबंध हो गए थे। उन्होंने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद अनिल को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने इसका सख्त विरोध किया। इसके बाद आरोपी ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जा रहा है।
भाषा सं रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.