scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशबिहार में मंगलवार से शुरू होगा ‘नशामुक्त बिहार अभियान’, एक महीने तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

बिहार में मंगलवार से शुरू होगा ‘नशामुक्त बिहार अभियान’, एक महीने तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

Text Size:

पटना, 26 अक्टूबर (भाषा) बिहार में युवाओं और आम नागरिकों को शराब, मादक पदार्थों तथा अन्य प्रकार के नशे से दूर रखने के उद्देश्य से मंगलवार से ‘नशामुक्त बिहार अभियान’ शुरू होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना स्थित पुराने सचिवालय के अधिवेशन भवन में आयोजित राज्यस्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अनुसार, यह अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री मद्य निषेध जागरूकता प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये रथ सभी जिलों में घूमकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। इस कार्यक्रम में छात्रों, अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्त बिहार के निर्माण की शपथ भी दिलाई जाएगी।

मुख्यमंत्री अधिवेशन भवन में विभाग, जीविका और ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी करेंगे। इनमें शराब की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले आधुनिक उपकरणों, जैसे ड्रोन कैमरा, ब्रेथ एनालाइजर और स्कैनर मशीन को प्रदर्शित किया जाएगा।

वहीं, निबंधन विभाग की ओर से 75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर बैठे जमीन के निबंधन, दस्तावेजों की ई-वॉलेटिंग और ई-निबंधन से संबंधित सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। जीविका और ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से भी नशामुक्ति से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।

इस कार्यक्रम के दौरान व्हाट्सऐप चैटबॉट का भी उद्घाटन किया जाएगा। इसके माध्यम से लोग नशामुक्ति से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

एक महीने तक चलने वाले इस जागरूकता अभियान के तहत राज्य के सभी जिलों में रैलियां, शपथ ग्रहण समारोह, परिचर्चाएं और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

भाषा

कैलाश रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments