scorecardresearch
Sunday, 29 November, 2026
होमदेशनशे की लत युवाओं के सपनों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी : प्रधानमंत्री मोदी

नशे की लत युवाओं के सपनों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी : प्रधानमंत्री मोदी

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि नशे की लत युवाओं की आकांक्षाओं के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है, लेकिन कई लोग अपने दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति के दम पर इससे उबरकर दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।

मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में समस्या के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्हें इस बात से संतोष है कि देश में नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘नशे की लत युवाओं के सपनों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। कई युवा अपने दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति के दम पर नशे की लत से बाहर निकलकर दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।’’

प्रसारण के दौरान, प्रधानमंत्री ने नशे की लत से छुटकारा पा चुके एक युवक से भी बात की जिसने अपने सफर तथा संघर्षों के बारे में बताया।

मोदी ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी पूरे जोर-शोर से जारी है।

अलग-अलग कारणों से लोगों के मोबाइल फोन खो जाने की समस्या का जिक्र करते हुए, मोदी ने कहा कि ‘संचार साथी’ ऐप उपयोगकर्ताओं को खोए या चोरी हुए फोन का पता लगाने, संदिग्ध धोखाधड़ी वाली कॉल की रिपोर्ट करने और डिजिटल स्पेस को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद करता है।

प्रधानमंत्री ने ‘आईगॉट कर्मयोगी’ प्लेटफॉर्म के बारे में भी बात की, जो सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7,000 से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है।

उन्होंने कहा, “लाखों सरकारी कर्मचारियों ने कई पाठ्यक्रम पूरे किए हैं। कुछ लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि अन्य भारतीय सांकेतिक भाषा सीख रहे हैं।”

मोदी ने कहा कि भारत के संग्रहालय वैश्विक स्तर पर सुर्खियां बटोर रहे हैं और पटना स्थित बिहार संग्रहालय को दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है।

उन्होंने कहा, “इस सूची में बिहार संग्रहालय एशिया में पहले स्थान पर है।”

मोदी ने गुजरात के वडनगर स्थित ‘अनंत अनादि वडनगर पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय’ का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान, अलग-अलग ऐतिहासिक काल की कई वस्तुएं मिलीं, और खुदाई वाली जगहों पर एक संग्रहालय बनाया गया है।

भाषा

नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments