मथुरा (उप्र), चार जुलाई (भाषा) मथुरा जिला जेल में बंद हत्या के आरोपी ने सोमवार को बैरक के बाहर गले में फंदा लगाकर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मथुरा के जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि बलदेव थाना क्षेत्र के मड़ौरा निवासी हरि सिंह अपनी पुत्रवधू की दहेज हत्या के मामले में 23 मई 2021 से जेल में बंद था। उसने सोमवार की दोपहर बैरक नंबर सात के बाहर पिलर पर रस्सी के सहारे फंदा बना फांसी लगा ली।
सिंह ने बताया कि फंदे से लटकने की जानकारी मिलते ही आसपास के कैदियों ने उसे रस्सी से नीचे उतार लिया और अधिकारियों को सूचना दी। हरि को गंभीर हालत में पहले जेल के अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक इलाज देकर जिला अस्पताल के लिए भेजा।
जेल अधीक्षक ने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हरि सिंह ने दम तोड़ दिया और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरि का बेटा भी जेल में है।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.