scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमदेशदिग्विजय सिंह ने उज्जैन से ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ शुरू की, संत-महात्मा भी हुए शामिल

दिग्विजय सिंह ने उज्जैन से ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ शुरू की, संत-महात्मा भी हुए शामिल

Text Size:

उज्जैन, 20 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को उज्जैन से ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ शुरू की, जिसका उद्देश्य सनातन संस्कृति के मूल आदर्शों का प्रसार करना है।

इस पदयात्रा का नेतृत्व संत-महात्माओं का एक समूह कर रहा है।

उज्जैन से शुरू हुई यह यात्रा करीब 930 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद अयोध्या पहुंचेगी, जहां भगवान राम का भव्य मंदिर स्थित है।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने पदयात्रा शुरू करने से पहले यहां चिंतामण गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए और हरसिद्धि मंदिर भी गए।

यात्रा की औपचारिक शुरुआत नरसिंह घाट के पास स्थित बालाजी गार्डन में हुई। इससे पहले भगवान शिव के मिट्टी से निर्मित पवित्र प्रतीक ‘पार्थिव शिवलिंगों’ का निर्माण कर उनका पूजन किया गया।

एक विज्ञप्ति के अनुसार, ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने पत्र जारी कर इस पहल को अपना समर्थन दिया है।

अग्निपीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर ब्रह्मर्षि रामकृष्णानंद ने भी इस यात्रा का समर्थन किया है।

यात्रा के दौरान सिंह लोगों के बीच सनातन धर्म के मूल्यों, विशेष रूप से सत्य और पारदर्शिता का प्रचार करेंगे।

इस दौरान धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और दान के प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, धन के दुरुपयोग के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा ‘वोट चोरी’ (चुनावी अनियमितताओं) जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे।

भाषा दिमो अमित जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments