scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेश'धूम मचाओ धूम' के अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में दौरा पड़ने से निधन

‘धूम मचाओ धूम’ के अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में दौरा पड़ने से निधन

Text Size:

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बंधन सात जन्मों का’ और ‘महिसागर’ जैसे टीवी धारावाहिकों में काम कर चुके अभिनेता अनुज ठाकुर का नींद में दौरा पड़ने से निधन हो गया।

अभिनेता के दोस्त और कलाकार चयन निर्देशक (कास्टिंग डायरेक्टर) रूपेश सोनार ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए यह खबर साझा की। उन्होंने कहा कि दिवंगत अभिनेता उनके भाई जैसे थे।

सोनार ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘‘मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि तुम अब हमारे बीच नहीं हो। तुम सिर्फ दोस्त ही नहीं बल्कि मेरे छोटे भाई जैसे थे। हमने साथ मिलकर कई सारे काम एक साथ करने की योजना बनाई थी और मुझे आज भी तुम्हारे शुरुआती दिनों के संघर्ष और सफर याद है।’’

उन्होंने लिखा, “जीवन सचमुच अप्रत्याशित है। यह स्वीकार करना दिल दुखा देने वाला है कि तुम इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले गए। यह खबर अविश्वसनीय लग रही है। भाई, तुम्हें हमेशा याद रखा जाएगा। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।”

अभिनेता ठाकुर का निधन 27 अक्टूबर को हुआ। वह 33 वर्ष के थे।

सोनार ने ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए एक साक्षात्कार में घटना का विस्तृत ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि अभिनेता से उनकी मुलाकात 2008 में हुई थी। निर्देशक ने कहा कि उन्हें शनिवार को अभिनेता की मां और भाई से मिलने के बाद घटना की जानकारी मिली।

उन्होंने बताया कि ठाकुर नियमित दिनचर्या का पालन करते थे और हर सुबह साढ़े चार बजे उठते थे। हालांकि, मंगलवार को उनका अलार्म लगातार बजता रहा। इसके बाद उनकी मां कमरे में पहुंचीं, जहां उन्होंने अभिनेता को मृत पाया।

सोनार ने कहा, ‘‘यह जानकर मुझे गहरा सदमा लगा कि वह रात को सोने गए थे और फिर कभी नहीं उठे। मैं शनिवार को उनकी मां और भाई सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मिला था। तभी मुझे बताया गया कि अनुज को दौरा पड़ा था और इसी दौरान उनका निधन हो गया।’’

ठाकुर ने डिज्नी चैनल के किशोरों पर आधारित धारावाहिक ‘धूम मचाओ धूम’ (2007-2008) से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद वह ‘बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ में नजर आए, जिसमें उन्होंने जय पोद्दार की भूमिका निभाई।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments