scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशदिल्ली: मकान की छत का एक हिस्सा गिरने से मलबे में दो लोगों के दबे होने की आशंका

दिल्ली: मकान की छत का एक हिस्सा गिरने से मलबे में दो लोगों के दबे होने की आशंका

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार को निर्माणाधीन मकान की छत का हिस्सा गिरने से 60 और 36 वर्ष के दो लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दमकल विभाग और पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह घटना मिलन गार्डन में हुई और मकान का एक हिस्सा गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बचाव दल मलबा हटाने और यह पता लगाने में जुटे हैं कि दोनों व्यक्ति उसके नीचे दबे हैं या नहीं।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा और पुलिस को शाम करीब सात बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दल मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों को भी बचाव एवं राहत अभियान में लगाया गया है।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान में शामिल हुई।

उन्होंने बताया, “स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाए जाने के दौरान पता चला कि इमारत में काम कर रहे दो लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। इनमें एक 60 वर्षीय और दूसरा 36 वर्षीय व्यक्ति है। उनके परिवारों को आशंका है कि वे मलबे में दबे हैं, क्योंकि उनके मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा है।”

अधिकारी ने बताया, “हमारा मुख्य ध्यान मलबा हटाने और किसी के दबे होने की स्थिति में उसे जल्द से जल्द बचाने पर है।”

उन्होंने बताया कि मकान गिरने के समय उसकी पहली मंजिल पर निर्माण कार्य जारी था, हालांकि, घटना के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

भाषा जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments