scorecardresearch
Sunday, 8 November, 2026
होमदेशदिल्ली में दिवाली पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 376 के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया

दिल्ली में दिवाली पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 376 के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ नवंबर (भाषा) दिल्ली में रविवार को वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और दिवाली के त्योहार के दौरान शाम को पटाखे फोड़े जाने के बाद इसके और बिगड़ने का अनुमान है।

शहर में धुंध की मोटी परत छाने और दृश्यता कम होने के बीच रविवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।

दिवाली के त्योहार के दौरान पटाखे फोड़े जाने, वाहनों से निकलने वाले धुएं और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने का दौर चरम पर होने के कारण सोमवार को वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है।

आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 12 पर वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ और 22 पर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही। जहांगीरपुरी में सबसे खराब स्थिति दर्ज की गई, जहां एक्यूआई 463 रहा।

शहर का औसत एक्यूआई शनिवार के 369 था जो रविवार को बढ़कर 376 हो गया। यह ‘गंभीर’ श्रेणी की सीमा 400 से बहुत दूर नहीं है। कई निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई पहले ही इस स्तर को पार कर चुका है, जो राजधानी में हवा की गुणवत्ता बिगड़ने का संकेत है।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) के अनुसार, नौ नवंबर से कुछ दिन तक वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने की आशंका है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा जोहेब सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments