scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशदिल्ली पुलिस का कांस्टेबल 50 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल 50 लाख रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) दिल्ली के आजाद मार्केट अंडरपास के पास पिछले महीने 50 लाख रुपये की लूट में संलिप्तता के आरोप में दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उनके मुताबिक, आरोपी की पहचान समय सिंह के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस की 5वीं बटालियन में तैनात था।

उन्होंने बताया कि उस पर 31 मार्च को लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रचने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब चार लोगों ने आजाद मार्केट अंडरपास के पास एक चलते ऑटो-रिक्शा को रोका और करीब 50 लाख रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए। मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘मामले में शामिल कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। जांच के दौरान कांस्टेबल की भूमिका सामने आई।’

उन्होंने बताया कि सिंह घटना के बाद से ही फरार था और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी निगरानी के जरिए उसका पता लगाया गया।

अधिकारी ने कहा कि उसे अंततः राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया। पुलिस को संदेह है कि सिंह ने लूट की साज़िश रचने और अपने सहयोगियों के साथ समन्वय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

अधिकारी ने कहा, ‘उसे एक आदतन अपराधी माना जाता है जो लूट के बड़े मामलों में शामिल रहा है।’

पुलिस ने बताया कि यह सत्यापित करने के लिए आगे की जांच जारी है कि क्या वह इसी तरह के अन्य अपराधों से जुड़ा था। लूट की शेष राशि का पता लगाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा नोमान अविनाश मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments