scorecardresearch
Tuesday, 4 August, 2026
होमदेशदिल्ली पुलिस ने तीन करोड़ रुपये के संपत्ति ऋण धोखाधड़ी मामले में व्यक्ति को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने तीन करोड़ रुपये के संपत्ति ऋण धोखाधड़ी मामले में व्यक्ति को गिरफ्तार किया

Text Size:

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) के साथ कथित तौर पर करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति ऋण धोखाधड़ी को अंजाम देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जाली स्वामित्व दस्तावेजों, फर्जी पहचान और फर्जी कंपनियों का इस्तेमाल कर कथित तौर पर धोखाधड़ी की।

ईओडब्ल्यू ने एक बयान में कहा कि आरोपी की पहचान 59 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है, जिसे 14 जुलाई को लक्ष्मी नगर से गिरफ्तार किया गया।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, मामला एक निजी वित्त लिमिटेड कंपनी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आनंद विहार में एक संपत्ति की खरीद के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये का आवास ऋण धोखाधड़ी से प्राप्त किया गया।

जांच में पता चला कि नवंबर 2022 में हुआ बिक्री सौदा जाली दस्तावेजों पर आधारित था और एक महिला ने संपत्ति की वास्तविक मालिक बनकर यह सौदा किया था।

बयान के अनुसार, इस महिला ने 25 दिनों के भीतर उसी संपत्ति की दो फर्जी रजिस्ट्रियां कराईं, जिसके आधार पर आरोपी ने वित्तीय संस्थान से ऋण हासिल कर लिया। इस महिला की अब मौत हो चुकी है।

जांच के दौरान, एक टीम ने पाया कि खुद को वास्तविक खरीदार के रूप में पेश करने वाला कुमार धोखाधड़ी की साजिश का सूत्रधार था। पुलिस ने आरोप लगाया कि ऋण को हासिल करने के लिए जाली स्वामित्व दस्तावेजों और फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया गया, जबकि ऋण की रकम को इधर-उधर करने के लिए फर्जी कंपनियां बनाई गईं।

ईओडब्ल्यू ने दावा किया कि कुमार ने ऋण दस्तावेजों में एक अन्य मृत महिला को अपनी पत्नी और सह-आवेदक के रूप में पेश किया, जबकि उसकी वास्तविक पत्नी कोई और है।

पुलिस ने कहा कि टीम ने कुमार का तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर पता लगाया। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना निवास स्थान बदलता रहता था।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments