scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशदिल्ली महापौर चुनाव की अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी होगी : सूत्र

दिल्ली महापौर चुनाव की अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी होगी : सूत्र

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में आगामी महापौर चुनाव के लिए अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी की जा सकती है।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 18 अप्रैल को समाप्त हो सकती है और महापौर चुनाव 26 अप्रैल को हो सकता है।

आधिकारिक सूत्रों ने तीन अप्रैल को बताया था कि नए महापौर का चुनाव होने तक निवर्तमान महापौर शैली ओबरॉय इस शीर्ष पद पर बनी रहेंगी।

अधिकारियों ने बताया था कि दिल्ली में महापौर का नया चुनाव अप्रैल के अंत तक हो सकता है।

आम आदमी पार्टी (आप) की पार्षद ओबरॉय को 22 फरवरी को दिल्ली का महापौर चुना गया था। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रेखा गुप्ता को 34 मतों के अंतर से हराया था। ओबरॉय को कुल 266 मतों में से 150 वोट मिले जबकि गुप्ता को 116 वोट मिले।

दिल्ली को चौथे प्रयास में महापौर मिला था क्योंकि इससे पहले नामित सदस्यों को दिए मतदान अधिकार को लेकर हंगामे के बीच पूर्व में चुनाव के प्रयास बाधित हुए थे।

शहर को वित्त वर्ष खत्म होने के बाद नया महापौर मिलता है।

राष्ट्रीय राजधानी में महापौर पद बारी-बारी से एक साल के लिए मिलता है जिसमें पहले साल यह पद महिलाओं के लिए आरक्षित होता है।

गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम का एकीकरण किए जाने के बाद पिछले साल चार दिसंबर को निकाय चुनाव हुए थे। इस चुनाव में आप विजयी हुई थी।

भाषा गोला माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments