scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशदिल्ली के व्यक्ति से 1.25 लाख की ठगी, ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

दिल्ली के व्यक्ति से 1.25 लाख की ठगी, ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) दिल्ली में ई-कॉमर्स कंपनी के ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से 1.25 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दो लोगों को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “मामला उस समय सामने आया जब शिकायतकर्ता अरविंद ने दो अक्टूबर 2025 को ऑनलाइन एक इलेक्ट्रॉनिक शेवर खरीदा, जो खराब निकला। चार अक्टूबर को ग्राहक सेवा का नंबर तलाशते समय उसने एक ऐसे नंबर पर संपर्क किया जो असली प्रतीत हो रहा था और इस नंबर पर संपर्क करने पर उसे धनवापसी का आश्वासन दिया गया।”

पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले ने बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किया और पीड़ित को अपने फोन की स्क्रीन साझा करने की अनुमति देने के लिए राजी कर लिया। इसके तुरंत बाद, उसके एक बैंक खाते से 85,000 रुपये और दूसरे बैंक खाते से 40,000 रुपये निकाल लिए गए।”

पुलिस ने बताया कि इस मामले में 13 नवंबर 2025 को शाहदरा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने धन के लेनदेन और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) के आंकड़ों का विश्लेषण किया, जिससे झांसी में आरोपी पंकज यादव और 19 वर्षीय सत्यम यादव से जुड़े बैंक खातों का पता चला। इसके बाद दोनों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया, “पूछताछ में पता चला कि पंकज यादव ने अपने बैंक खाते को वंश नामक एक सहयोगी को पैसे के बदले उपलब्ध कराया था। उसने 85,000 रुपये निकाले, जिनमें से करीब 55,000 रुपये वंश को दिए और 40,000 रुपये सत्यम को हस्तांतरित किए।”

सत्यम ने 20,000 रुपये निकाले और शेष राशि एक अन्य सहयोगी कमल को भेज दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि पीड़ितों को फोन झारखंड से संचालित गिरोह के सदस्य करते थे, जबकि बैंक खाते झांसी और आसपास के इलाकों में व्यवस्थित किए जाते थे।

पुलिस ने बताया कि गिरोह इंटरनेट सर्च प्लेटफॉर्म पर ई-कॉमर्स कंपनियों के फर्जी ग्राहक सेवा अधिकारी का नंबर अपलोड करता था और फिर पीड़ितों को स्क्रीन साझा करने के लिए बहलाकर ठगी करता था।

आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। मामले में जांच जारी है।

भाषा राखी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments