scorecardresearch
Wednesday, 15 July, 2026
होमदेशग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण: खजुराहो हवाई अड्डा देश में प्रथम, भोपाल तीसरे स्थान पर

ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण: खजुराहो हवाई अड्डा देश में प्रथम, भोपाल तीसरे स्थान पर

Text Size:

भोपाल, 14 जुलाई (भाषा) भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के 2026 के राष्ट्रीय ग्राहक संतुष्टि सूचकांक सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के खजुराहो हवाई अड्डे ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि राज्य की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज हवाई अड्डा तीसरे स्थान पर रहा। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और सेवा की गुणवत्ता के आधार पर दोनों हवाई अड्डों का शीर्ष स्थानों पर पहुंचना मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।

खजुराहो हवाई अड्डे के निदेशक संतोष सिंह ने एक बयान में कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, यात्रियों के विश्वास और उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि हवाई अड्डा प्रबंधन का लक्ष्य भविष्य में भी यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और सेवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार करना है।

सिंह ने कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की यह रैंकिंग देशभर के हवाई अड्डों पर यात्रियों से प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर तैयार की गई है।

बयान के अनुसार, सर्वेक्षण में पंजीकरण (चेक-इन) प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, टर्मिनल की स्वच्छता, कर्मचारियों का व्यवहार, प्रतीक्षा अवधि, खानपान, सूचना व्यवस्था तथा समग्र यात्री अनुभव जैसे अनेक महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर हवाई अड्डों का मूल्यांकन किया गया।

इसमें कहा गया कि इन सभी पैमानों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खजुराहो हवाई अड्डे ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राजा भोज हवाई अड्डा तीसरे स्थान पर रहा।

सिंह ने कहा कि खजुराहो हवाई अड्डे की यह उपलब्धि पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि विश्वविख्यात मंदिरों के लिए प्रसिद्ध खजुराहो आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों को बेहतर हवाई संपर्क तथा उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलने से क्षेत्र के पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

भाषा ब्रजेन्द्र खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments