कोलकाता, 18 अप्रैल (भाषा) डाक मतदान के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने के आरोप में कोलकाता पुलिस के एक कांस्टेबल को शनिवार को निलंबित कर दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद रिजर्व फोर्स के कांस्टेबल मसूद करीम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
अधिकारी ने कहा कि कांस्टेबल पर पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के हल्दिया स्थित उपमंडल अधिकारी के कार्यालय में डाक मतदान के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास करने का आरोप है। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच पूरी होने तक करीम निलंबित रहेगा।
इस संबंध में एक मतदान अधिकारी ने बताया कि राज्य में डाक द्वारा मतदान 13 अप्रैल से जारी है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.