scorecardresearch
Wednesday, 30 September, 2026
होमदेशराजस्थान सरकार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा का आंदोलनरत किसानों की अनदेखी का आरोप

राजस्थान सरकार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा का आंदोलनरत किसानों की अनदेखी का आरोप

Text Size:

जयपुर, 26 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर घड़साना और अनूपगढ़ में कई दिनों से आंदोलन कर रहे किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

ये किसान पर्याप्त सिंचाई पानी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

डोटासरा ने भाजपा पर तंज कसते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भाजपा को सिर्फ सत्ता चाहिए.. चाहे वोट चोरी से मिले, या सरकारी तंत्र के दुरुपयोग से। जनता के काम, उनके मुद्दों, तक़लीफों और प्रदेश की प्रगति से उसका कोई सरोकार नहीं है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि घड़साना और अनूपगढ़ में किसान पिछले 16 दिन से अपने हक के पानी के लिए सड़कों पर हैं, लेकिन भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘किसान अपने हक का पानी मांग रहे हैं, व्यापारी बाजार बंद कर उनके संघर्ष के समर्थन में खड़े हैं, आंदोलन में आक्रोश बढ़ रहा है, लेकिन भाजपा सरकार को कोई परवाह नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान सिर्फ वोट लूटने, जनादेश कब्जाने और बोर्ड बनाने में है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि वह किसानों से वार्ता कर उनकी जायज़ मांगों को सुनें एवं जल्द से जल्द समाधान कर राहत दें।

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments