नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस को भारत के लोकतंत्र के लिए ‘‘खतरनाक’’ बताया और शुक्रवार को आरोप लगाया कि यह एक ‘‘वैश्विक गठजोड़’’ का हिस्सा है, जो दुनिया के विभिन्न हिस्सों में लोकतंत्र को अस्थिर करने के लिए संगठनों को वित्त पोषित करता है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘फॉक्स न्यूज’ ने हाल में एक खोजी रिपोर्ट प्रकाशित की है, जिसमें इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि नेविल रॉय सिंघम से जुड़े चीन से संबंधित नेटवर्क कथित तौर पर अमेरिका में चीनी दुष्प्रचार फैलाने के लिए लाखों डॉलर भेज रहे हैं।
भंडारी ने कहा, ‘‘याद कीजिए जब भारतीय एजेंसियों ने नेविल रॉय सिंघम और न्यूजक्लिक से जुड़े कथित विदेशी वित्त पोषण संबंधों का खुलासा किया था—जिससे भारत के लोकतंत्र को अस्थिर करने के उनके उद्देश्य का पर्दाफाश हुआ था; कांग्रेस ने इसे ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला’ करार देते हुए 2021 की छापेमारी से लेकर 2023 की कार्रवाई तक इस नेटवर्क का समर्थन किया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट रूप से सामने आ रहा है कि कांग्रेस मिलीभगत कर चुकी है। यह उस वैश्विक गठजोड़ का हिस्सा है, जो लोकतंत्र को अस्थिर करने वाले संगठनों को वित्त पोषित करता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत के लोकतंत्र के लिए कांग्रेस खतरनाक है और इसका तंत्र बुराई से भरा है।’’
भाजपा प्रवक्ता के आरोप पर कांग्रेस या न्यूजक्लिक पोर्टल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.