scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशकेरलम और राष्ट्रीय स्तर पर एसआईआर को लेकर कांग्रेस के विचार अलग-अलग: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

केरलम और राष्ट्रीय स्तर पर एसआईआर को लेकर कांग्रेस के विचार अलग-अलग: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 11 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रविवार को आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस का केरलम में कुछ और राष्ट्रीय स्तर पर कुछ और रुख है।

चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन एक ओर राज्य में एसआईआर की प्रशंसा करते हैं, वहीं दूसरी ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ दिल्ली में इसके खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होते हैं।

नेमोम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रशेखर ने आरोप लगाया, ‘‘दिल्ली में मुख्यमंत्री सतीशन अपने नेता राहुल गांधी के साथ मिलकर यह झूठ फैलाते हैं कि एसआईआर लोकतंत्र विरोधी है और इसके जरिए ‘वोट चोरी’ की जा रही है। वहीं, केरलम में वह एसआईआर की प्रशंसा करते हुए कहते हैं कि किसी को मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने की कोई शिकायत नहीं मिली है और मतदाता सूचियों से केवल उन लोगों के नाम हटाए गए हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो अनुपस्थित हैं अथवा दूसरी जगह चले गए हैं।’’

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे चुनावों को अवैध बता रहे हैं, तो ‘‘सतीशन किस आधार पर अब भी मुख्यमंत्री पद पर बने हुए हैं?’’

चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘राहुल गांधी और कांग्रेस को पहले आपस में तय कर लेना चाहिए कि उन्हें कौन-सा झूठ बोलना है। झूठ, पाखंड और भ्रष्टाचार की इस बेशर्म राजनीति से वे केवल खुद को ही मूर्ख बना रहे हैं।’’

इन आरोपों पर कांग्रेस, सतीशन या गांधी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर लोकतंत्र को मजबूत करने और उसकी रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का एकमात्र उद्देश्य ‘‘अराजकता और अव्यवस्था फैलाना तथा जनता द्वारा उनकी वंशवादी राजनीति को बार-बार खारिज किए जाने, कांग्रेस के भ्रष्टाचार और पार्टी शासित राज्यों में शासन की विफलताओं से ध्यान भटकाना है।’’

भाषा शोभना सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments