scorecardresearch
Sunday, 18 January, 2026
होमदेशहरियाणा विधानसभा में सैनी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाई कांग्रेस

हरियाणा विधानसभा में सैनी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाई कांग्रेस

Text Size:

चंडीगढ़, 19 दिसंबर (भाषा) हरियाणा विधानसभा में शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई।

अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने चर्चा के लिए दो घंटे का समय आरक्षित किया।

अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को सदन को सूचित किया था कि उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव की सूचना स्वीकार कर ली है और इस पर शुक्रवार को चर्चा का कार्यक्रम निर्धारित किया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा लाया गया यह पहला अविश्वास प्रस्ताव है। हालांकि कांग्रेस तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली पिछली सरकारों के दौरान दो बार यह प्रस्ताव लाई जोकि विफल रहे थे।

कांग्रेस ने हरियाणा सरकार पर ‘जनविरोधी नीतियों और कमजोर प्रबंधन’ के कारण सभी मोर्चों पर विफल होने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार ने राज्य के हर वर्ग का विश्वास खो दिया है। अपनी विभिन्न प्रणालियों के माध्यम से इस सरकार ने ‘लोकतंत्र’ को ‘तंत्रलोक’ में बदल दिया है।’’

इसने यह भी कहा कि ‘असंवेदनशील’ और ‘अनुत्तरदायी’ सरकार ने जनता का भरोसा खो दिया है।

विधानसभा में भाजपा के 48 विधायक हैं, जिनमें अध्यक्ष भी शामिल हैं, कांग्रेस के 37, इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के दो, जबकि तीन निर्दलीय विधायक सत्तारूढ़ दल का समर्थन करते हैं।

कांग्रेस द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि सत्ताधारी दल ने असंवैधानिक तरीकों से और प्रलोभन देकर मतों की हेराफेरी करके सत्ता हथिया ली है।

प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि यह सरकार जनता के भरोसे पर नहीं बनी है।

भाषा

सुरेश पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments