scorecardresearch
Monday, 5 October, 2026
होमदेशकांग्रेस ने हरीश रावत से ‘यात्रा’ रोकने के लिए कहा

कांग्रेस ने हरीश रावत से ‘यात्रा’ रोकने के लिए कहा

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से कहा है कि वह प्रदेश में अपनी ‘यात्रा’ आगे नहीं बढ़ाएं क्योंकि कोई भी समानांतर कार्यक्रम पार्टी के हित में नहीं होगा।

पार्टी महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने बीते एक अक्टूबर को रावत को पत्र लिखकर उनके कुछ हालिया बयानों को लेकर भी नाराजगी जताई और कहा कि विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले पार्टी का एकजुट होकर काम करना जरूरी है।

उत्तराखंड में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव संभावित है।

सैलजा ने पत्र में कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि रावत राज्य में ‘यात्रा’ निकाल रहे हैं, लेकिन इस संबंध में न तो उनसे और न ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष से कोई चर्चा की गई है।

उन्होंने कहा कि मीडिया में रावत के हालिया कुछ बयानों को लेकर भी खबरें आई हैं।

सैलजा का कहना है कि राज्य में अगले कुछ महीनों में चुनाव होने हैं और ऐसे समय में पार्टी को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है।

उन्होंने पत्र में रावत से कहा, ‘‘आप भी समझेंगे कि इस समय ऐसा कोई समानांतर कार्यक्रम पार्टी के हित में नहीं होगा।’’

सैलजा ने रावत से इन कार्यक्रमों को आगे नहीं बढ़ाने का अनुरोध किया है।

रावत हाल में उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ के जरिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं।

भाषा हक प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments