scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेश‘अन्नपूर्णी’ फिल्म को लेकर नयनतारा और अन्य के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत

‘अन्नपूर्णी’ फिल्म को लेकर नयनतारा और अन्य के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत

Text Size:

मुंबई, 11 जनवरी (भाषा) अभिनेत्री नयनतारा की हाल में रिलीज हुई फिल्म ‘अन्नपूर्णी’ के कुछ दृश्यों से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए दो दक्षिणपंथी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उनके और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ यहां अलग-अलग शिकायतें दायर की हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह फिल्म इस समय ओटीटी प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध नहीं है। हालांकि नेटफ्लिक्स ने फिल्म को हटाने के संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

पुलिस ने बताया कि शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में भगवान राम के बारे में विवादास्पद टिप्पणियां की गई हैं और ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा दिया गया है।

‘अन्नपूर्णी’ हाल में ओवर-द-टॉप (ओटीटी) मंच नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दो दिन पहले पश्चिमी उपनगर के ओशीवारा पुलिस थाने में एक शिकायत दी, और इस सिलसिले में जांच जारी है।’’

अधिकारी ने बताया कि एक और शिकायत दक्षिण मुंबई के लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस थाने में हिंदू आईटी सेल के संस्थापक रमेश सोलंकी ने दी है।

सोलंकी की शिकायत के अनुसार, फिल्म में भगवान राम को नीचा दिखाया गया है और हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने के लिए इसे इरादतन रिलीज किया गया।

उन्होंने फिल्म के कुछ दृश्यों का भी उल्लेख किया,जिन्हें उन्होंने धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बताया।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि फिल्म के आखिरी दृश्य में मंदिर के एक पुजारी की बेटी को दिखाया गया है, जो बिरयानी बनाने से पहले हिजाब पहनकर नमाज अदा कर रही है। यह किरदार नयनतारा ने निभाया है।

एक अन्य दृश्य में, नयनतारा द्वारा निभाये गए किरदार का मित्र फरहान मांस काटने के लिए उसे सहमत करते नजर आता है और कहता है कि भगवान राम एवं माता सीता ने भी मांस खाया था।

शिकायत में एक और दृश्य का उल्लेख किया गया है, जिसमें नयनतारा मंदिर ना जाकर ‘इफ्तार’ के लिए फरहान के घर जाती है।

सोलंकी ने अपनी शिकायत में यह मांग की है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने और ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देने को लेकर नयनतारा, निर्देशक नीलेश कृष्णा और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें अभिनेत्री और अन्य के खिलाफ लिखित शिकायत मिली है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता अब तक पुलिस थाने नहीं आए हैं। हम पुलिस के समक्ष उनके उपस्थित होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि हम आगे की कार्रवाई कर सकें।’’

मुस्लिम पुरुषों द्वारा हिंदू महिलाओं को इस्लाम में धर्मांतरित कराने की कोशिशों के लिए दक्षिणपंथी समूह और कार्यकर्ता ‘लव जिहाद’ शब्दावली का इस्तेमाल करते हैं।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments