नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में बृहस्पतिवार को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने पेश होने के लिए और समय मांगा है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अपराध शाखा ने इन दोनों नेताओं को पेश होने का निर्देश दिया था। उनके खिलाफ 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर जाने के लिए एक निजी संपत्ति में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने और लोक सेवकों के काम में बाधा डालने के आरोप में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि शांति भंग न करने का हलफनामा देने के बाद उन्हें बुधवार को रिहा कर दिया गया।
हाल में दोनों मामले अपराध शाख को भेज दिए गए थे।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि दास और रांका ने अपराध शाखा के सामने पेश होने के लिए और समय मांगा है तथा बृहस्पतिवार को उनसे पूछताछ नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों को नए सिरे से नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने का निर्देश दे सकती है।
दोनों ने हलफनामे में कहा है कि वे जंतर मंतर के निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से बाहर रहने तक वहां विरोध प्रदर्शन का आह्वान नहीं करेंगे।
कॉजपा के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में हिरासत में लिए जाने के बाद दास और रांका को शुरुआत में 14 अक्टूबर को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। उनकी हिरासत 19 अक्टूबर को दो दिन के लिए बढ़ा दी गई जो बुधवार को समाप्त हो गई।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.