scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशबिहार के मुख्यमंत्री की 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की अपील का चिराग पासवान ने किया समर्थन

बिहार के मुख्यमंत्री की 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की अपील का चिराग पासवान ने किया समर्थन

Text Size:

पटना, दो नवंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अपील का सोमवार को समर्थन करते हुए कहा कि राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए राजस्व के नए स्रोत विकसित करना जरूरी है।

पासवान ने पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री ने करदाताओं के सामने एक विचार रखा है और इसे केवल एक अपील के तौर पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बिजली के बिल में छूट या सरकार की बचत का मामला नहीं, बल्कि बिहार के विकास के लिए संसाधन जुटाने से जुड़ा विषय है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यदि बिहार को आगे बढ़ाना है और उसे विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना है, तो राज्य के राजस्व के स्रोतों को मजबूत करना होगा तथा विकसित भारत का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब बिहार जैसे राज्यों का समुचित विकास हो।

उन्होंने मुख्यमंत्री की इस पहल को सकारात्मक बताते हुए कहा कि जो लोग 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने के लिए आगे आ रहे हैं, वे बधाई के पात्र हैं।

मुख्यमंत्री चौधरी ने राज्य के आर्थिक रूप से संपन्न और आयकर देने वाले लोगों से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने का रविवार को आग्रह किया था।

पासवान ने बिहार में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और इलेक्ट्रॉनिक सिटी की स्थापना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और राजस्व के नए स्रोत तैयार करना है तथा इनसे बिहार के विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार इन संसाधनों का इस्तेमाल राज्य की प्रगति और विकास कार्यों को गति देने के लिए करना चाहती है।

पासवान ने मुख्यमंत्री की अपील को एक अच्छी पहल बताते हुए लोगों से इसे सकारात्मक नजरिए से देखने को कहा।

भाषा कैलाश सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments