scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमदेशExclusive: चीन ने पाकिस्तान के लिए लॉन्च किए 5 सैटेलाइट, भारत के हर इंच की होगी 24×7 निगरानी

Exclusive: चीन ने पाकिस्तान के लिए लॉन्च किए 5 सैटेलाइट, भारत के हर इंच की होगी 24×7 निगरानी

भारत पर चीन की सैटेलाइट निगरानी को लेकर दिप्रिंट की यह तीसरी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट है.

Text Size:

नई दिल्ली: चीन और पाकिस्तान मिलकर सैटेलाइट का एक ऐसा नेटवर्क बना रहे हैं, जो भारतीय क्षेत्र पर लगातार नजर रख सकता है. अंतरिक्ष निगरानी से जुड़ी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष के दौरान दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष में यह सहयोग और मजबूत हुआ.

बेंगलुरु की अंतरिक्ष निगरानी स्टार्टअप दिगंतारा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जिसे दिप्रिंट ने खास तौर पर देखा है, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सैन्य ठिकानों और अन्य रणनीतिक जगहों पर नजर रखने के लिए चीन की अंतरिक्ष क्षमताओं, जिसमें सैटेलाइट डेटा भी शामिल है, का इस्तेमाल किया गया हो सकता है.

रिपोर्ट में सबसे अहम खुलासों में से एक चीन के हाई-रेजोल्यूशन ऑप्टिकल रिमोट-सेंसिंग सैटेलाइट याओगान-41 की भूमिका से जुड़ा है. भारत और पाकिस्तान के बीच 88 घंटे तक चले सैन्य टकराव के दौरान इस सैटेलाइट की भूमिका रही.

रिपोर्ट में कहा गया है, “चीनी सैटेलाइट याओगान-41 पूरे भारतीय उपमहाद्वीप पर लगातार नजर रख सकता है. दोहरे इस्तेमाल वाला यह सैटेलाइट ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय एयरबेस पर नजर रख रहा था.”

रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के खिलाफ याओगान-41 के खास इस्तेमाल की बात कही गई है. साथ ही यह भी बताया गया है कि चीन और पाकिस्तान अंतरिक्ष निगरानी का एक ऐसा नेटवर्क बना रहे हैं, जिसमें भारत का एक इंच भी हिस्सा निगरानी से बाहर न रहे.

जनवरी 2025 और जून 2026 के बीच पाकिस्तान ने छह सैटेलाइट ऑर्बिट में स्थापित किए. इनमें से पांच—पाकिस्तान रिमोट सेंसिंग सैटेलाइट-अर्थ ऑब्जर्वेशन 1 (PRSC-EO1), पाकिस्तान रिमोट सेंसिंग सैटेलाइट-2 (PRSS-2), HS-1, PRSC-EO2 और PRSC-EO3—को चीनी रॉकेटों के ज़रिए, चीन की सुविधाओं से लॉन्च किया गया था.

इन सभी सैटेलाइट्स को अलग-अलग भारतीय क्षेत्रों पर नज़र रखने के लिए तैनात किया गया है. साथ ही ये चीन के सैटेलाइट नेटवर्क को भी मजबूत करते हैं.

पाकिस्तान और चीन के सैटेलाइट की संयुक्त पृथ्वी-निगरानी क्षमता से भारतीय सैन्य ढांचे, सैनिकों की आवाजाही, सीमा पर बने ठिकानों, एयरबेस, नौसेना के ठिकानों और रणनीतिक संपत्तियों पर ज्यादा लगातार नजर रखी जा सकती है.

रिपोर्ट में कहा गया है, “चीन ने पाकिस्तान के लिए पांच सैटेलाइट लॉन्च किए, जिससे ISTAR, भारतीय संपत्तियों की निगरानी और अंतरिक्ष निगरानी की क्षमताएं बढ़ीं.”

ISTAR एक सैन्य प्रणाली है, जो सैटेलाइट, ड्रोन, विमान, रडार, जमीन पर लगे सेंसर और खुफिया नेटवर्क से मिली जानकारी को एक साथ जोड़ती है. इससे सेना को अपने विरोधी की गतिविधियों और क्षमताओं की विस्तृत जानकारी मिलती है.

विशेषज्ञों का सुझाव है कि चीन जब अंतरिक्ष में अपनी महत्वाकांक्षाएं बढ़ा रहा है, तो भारत को भी अंतरिक्ष में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए अपनी क्षमताओं पर काम करना होगा.

पाकिस्तान के सैटेलाइट

दिगंतारा की रिपोर्ट से पता चलता है कि चीन की मदद से पाकिस्तान के सैटेलाइट लॉन्च करने का सिलसिला 2025 से काफी पहले शुरू हो गया था. 2018 से ही PRSC-EO1, PakSat MM1, ICUBE-Q, PRSS-1 और Pak TES 1A जैसे सैटेलाइट भारतीय क्षेत्र पर नजर रख रहे थे. इन्हें ऐसी कक्षाओं में रखा गया था, जो चीन के पहले से मौजूद सैटेलाइट नेटवर्क को मजबूत करती हैं.

सैटेलाइट का यह बेहद सावधानी से तैयार किया गया नेटवर्क इस तरह काम करता है कि जब एक सैटेलाइट किसी खास क्षेत्र की पहुंच से बाहर जाता है, तो दूसरा उसकी जगह ले लेता है. इससे उस क्षेत्र पर लगातार नजर बनी रहती है. एक तरह से ये पाकिस्तानी सैटेलाइट चीन के पहले से बड़े सैटेलाइट नेटवर्क में मौजूद छोटे-छोटे अंतर को भर रहे हैं.

इन सैटेलाइट की कक्षाएं भी इस तरह चुनी जाती हैं कि जिन क्षेत्रों पर नजर रखनी है, उनकी निगरानी अलग-अलग कोणों, दूरी और स्पष्टता से की जा सके.

उदाहरण के लिए, PRSS-1 पाकिस्तान का पृथ्वी-निगरानी सैटेलाइट है. इसे जुलाई 2018 में PakTES-1A के साथ लॉन्च किया गया था. इसमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल इमेजिंग उपकरण है, जो दो तरह की मुख्य तस्वीरें लेता है- पैनक्रोमैटिक और मल्टीस्पेक्ट्रल.

पैनक्रोमैटिक तस्वीरों में सही परिस्थितियों में करीब एक मीटर आकार की वस्तुओं या चीजों की पहचान की जा सकती है. मल्टीस्पेक्ट्रल तस्वीरें इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम के अलग-अलग हिस्सों से जानकारी जुटाती हैं. इससे पेड़-पौधों, जमीन के इस्तेमाल के पैटर्न, जलाशयों और सतह की दूसरी विशेषताओं की पहचान करने में मदद मिलती है.

पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी, स्पेस एंड अपर एटमॉस्फियर रिसर्च कमीशन (SUPARCO) के मुताबिक, PRSS-1 दुनिया में किसी भी जगह की दोबारा तस्वीर लेने की क्षमता रखता है. इसके लिए चार दिन का समय लगता है.

उदाहरण के तौर पर, अगर PRSS-1 सोमवार को दिल्ली की तस्वीर लेता है, तो करीब चार दिन बाद वह दिल्ली की एक और तस्वीर ले सकता है. वह दुनिया के दूसरे हिस्सों में मौजूद जगहों के लिए भी ऐसा कर सकता है. इससे वैज्ञानिकों और अधिकारियों को जमीन पर होने वाले बदलावों पर नजर रखने में मदद मिलती है.

PRSS-1 के सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों को प्राप्त करने, प्रोसेस करने और सुरक्षित रखने के लिए इस्लामाबाद और कराची में ग्राउंड स्टेशन हैं.

2024 में लॉन्च किया गया PAKSAT-MM1 एक संचार सैटेलाइट है, जिसे चीन की मदद से विकसित किया गया है. इसे पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाएं देने के लिए बनाया गया है.

इसमें चार फ्रीक्वेंसी बैंड में काम करने वाले उपकरण हैं. C-बैंड का इस्तेमाल टीवी प्रसारण और संचार के लिए, Ku-बैंड का इस्तेमाल प्रसारण, VSAT (बहुत छोटे एपर्चर टर्मिनल) कनेक्टिविटी और मोबाइल बैकहॉल के लिए, Ka-बैंड का इस्तेमाल हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड और ज्यादा क्षमता वाले इंटरनेट के लिए और L-बैंड का इस्तेमाल सैटेलाइट आधारित ऑगमेंटेशन सेवाओं (SBAS) के लिए किया जाता है. ये सेवाएं पोजिशनिंग और नेविगेशन की सटीकता बेहतर कर सकती हैं.

दूसरी ओर, PRSC-EO1 पाकिस्तान के नए रिमोट-सेंसिंग सैटेलाइट कार्यक्रम का हिस्सा है. इसमें ऑप्टिकल सेंसर का इस्तेमाल करके पृथ्वी की सतह की तस्वीरें ली जाती हैं.

इन सभी सैटेलाइट्स को चीन से तकनीकी और लॉन्च संबंधी मदद मिली है.

2022 में पाकिस्तान की SUPARCO और चाइना ग्रेट वॉल इंडस्ट्री कॉरपोरेशन (CGWIC) ने कई सैटेलाइट लॉन्च करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. CGWIC, चाइना एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉरपोरेशन (CASC) की एक सहायक कंपनी है.

इस समझौते के तहत पाकिस्तान को लंबे समय तक चीन के रॉकेटों और उनसे जुड़ी तकनीकी सेवाओं का इस्तेमाल करके कई सैटेलाइट लॉन्च करने की व्यवस्था मिली.

जमीन पर मौजूद निगरानी व्यवस्था भी मददगार

दिगंतारा की अंतरिक्ष निगरानी रिपोर्ट में एशिया-पैसिफिक ग्राउंड-बेस्ड स्पेस ऑब्जेक्ट ऑब्जर्वेशन सिस्टम प्रोजेक्ट (APOSOS) में पाकिस्तान की बढ़ती भागीदारी को भी चिंता का विषय बताया गया है.

APOSOS एक बहुराष्ट्रीय अंतरिक्ष निगरानी नेटवर्क है, जिसे एशिया-पैसिफिक स्पेस कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (APSCO) के तहत शुरू किया गया था. इसके संचालन और डेटा प्रबंधन में चीन की अहम भूमिका है. यह परियोजना अंतरिक्ष में मौजूद वस्तुओं, जिनमें सैटेलाइट भी शामिल हैं, को देखने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जमीन पर लगे ऑप्टिकल टेलीस्कोप का इस्तेमाल करती है.

दिलचस्प बात यह है कि APOSOS के पहले तीन निगरानी केंद्रों या स्टेशनों में से एक पाकिस्तान में बनाया गया था. हर केंद्र में 15 सेंटीमीटर एपर्चर वाला ऑप्टिकल टेलीस्कोप है. अलग-अलग केंद्रों से मिलने वाला निगरानी डेटा चीन की राजधानी बीजिंग में चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज की नेशनल एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरीज के केंद्रीय केंद्र में भेजा जाता है. बाकी दो स्टेशन पेरू और ईरान में हैं.

पाकिस्तान न सिर्फ APOSOS का सदस्य है, बल्कि उसके एक केंद्र की मेजबानी भी करता है. इससे उसे भौगोलिक फायदा मिला है और वह दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से होने वाली निगरानी तक पहुंच बना सकता है. इस जानकारी का इस्तेमाल कक्षा में घूम रहे सैटेलाइटों पर नजर रखने के लिए किया जा सकता है, जिनमें भारत की अंतरिक्ष संपत्तियां भी शामिल हैं.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: भारत विरोध से आगे बढ़ रहा नेपाल का राष्ट्रवाद, नौकरी-विकास नया एजेंडा


 

share & View comments