बोडो साहित्य सभा की ‘प्लैटिनम जुबली’ केवल एक संस्था के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह एक असाधारण सभ्यतागत यात्रा, एक भाषा की सुदृढ़ता और लोगों में विकसित हुई बौद्धिक जागरूकता का उत्सव भी है. साथ ही, यह स्थानीय विरासत के संरक्षण, सम्मान, पहचान तथा अपनी बात अभिव्यक्त करने की मनुष्य की कभी समाप्त न होने वाली आकांक्षा का उत्सव मनाने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है.
यह उत्तर-पूर्व भारत के सबसे पुराने स्थानीय भाषायी समुदायों में से एक की रोमांचक ऐतिहासिक यात्रा पर विचार करने का भी अवसर है. इस समुदाय की भाषा, सांस्कृतिक परंपराएं और सामूहिक सोच अनेक पीढ़ियों से ऐतिहासिक तथा सामाजिक-राजनीतिक परिवर्तनों के बीच भी निरंतर बनी रही हैं.
बोडो लोग अपनी भाषा को अपनी सामूहिक स्मृतियों का खजाना, पूर्वजों से प्राप्त ज्ञान को संजोकर रखने का माध्यम, सांस्कृतिक विचारों की अभिव्यक्ति का साधन तथा अतीत, वर्तमान और भविष्य को जोड़ने वाली एक आध्यात्मिक कड़ी मानते हैं. इसलिए, 16 नवंबर 1952 को बसुगांव में बोडो साहित्य सभा की स्थापना बोडो लोगों के आधुनिक इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना थी.
इसने भाषा के संरक्षण और उसे पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों को एक सशक्त बौद्धिक एवं साहित्यिक आंदोलन का रूप दिया. साथ ही, बोडो भाषा के सुव्यवस्थित विकास, उसके साहित्य को समृद्ध बनाने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए एक संस्थागत आधार तैयार किया. इसके साथ ही, मातृभाषा में शिक्षा को प्रोत्साहित करने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ.

भाषा और सभ्यता की जड़ें
बोडो भाषा चीनी-तिब्बती भाषा परिवार की तिब्बती-बर्मी शाखा से संबंधित है. यह ब्रह्मपुत्र घाटी और उत्तर-पूर्व भारत के विशाल भूभाग की महत्वपूर्ण भाषायी विरासत का अभिन्न हिस्सा है.
आधुनिक साहित्यिक संस्थाओं और मुद्रण तकनीक के विकास से बहुत पहले ही बोडो समाज में मौखिक साहित्य की अत्यंत समृद्ध और जीवंत परंपरा विद्यमान थी. लोककथाएं, बाथौ प्रार्थनाएं, बोडो नववर्ष बैसागु के गीत, प्राचीन लोकगाथाएं, कहावतें, पहेलियां, पारंपरिक कलाएं तथा स्थानीय ज्ञान-परंपराएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और हस्तांतरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी रहीं.
बीसवीं शताब्दी के प्रारंभिक दशकों में बोडो समुदाय के शिक्षित युवाओं के बीच एक नई बौद्धिक चेतना का उदय हुआ. वर्ष 1919 में बोडो छात्र सम्मिलनी की स्थापना इस बात का प्रमाण थी कि समुदाय में शिक्षा, सामाजिक सुधार, भाषायी पहचान और सामूहिक विकास के प्रति जागरूकता निरंतर बढ़ रही थी. यह पहल बोडो समाज के सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पड़ाव भी सिद्ध हुई.
आधुनिक बोडो साहित्य की शुरुआत
बोडो साहित्य के विकास को बोडो भाषा की पत्रिकाओं ‘बिबार’ और ‘अलंबार’ के शुरुआती योगदान को समझे बिना पूरी तरह नहीं जाना जा सकता. वर्ष 1924 में ‘बिबार’ का प्रकाशन आधुनिक लिखित बोडो साहित्य के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव था. इसने नए लेखकों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक रूप से जागरूक लोगों को अपनी मातृभाषा में विचारों की अभिव्यक्ति के लिए एक मंच प्रदान किया. साथ ही, समाज सुधार, शिक्षा, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक प्रगति से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श का अवसर भी उपलब्ध कराया.
इसके बाद, वर्ष 1938 में ‘अलंबार’ का प्रकाशन बोडो साहित्यिक अभिव्यक्ति को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ. इस साहित्यिक जागरण से मोदरम ब्रह्मा, सतीश चंद्र बसुमातारी, रूपनाथ ब्रह्मा, ईशान चंद्र मुछहारी और प्रमोद चंद्र ब्रह्मा जैसी प्रतिष्ठित हस्तियां जुड़ी हुई थीं.
16 नवंबर 1952 को बोडो साहित्य सभा की स्थापना बोडो समुदाय के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक थी. बसुगांव में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में ऐसी दूरदर्शी हस्तियां एकत्रित हुईं, जो इस बात को भली-भांति समझती थीं कि बोडो भाषा के संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए एक समर्पित, संगठित एवं सशक्त साहित्यिक संस्था की आवश्यकता है.
स्वर्गीय जयभद्र हगजेर सभा के प्रथम अध्यक्ष बने, जबकि स्वर्गीय सोनाराम थाओसेन ने महासचिव का दायित्व संभाला. कवि एवं नाटककार सतीश चंद्र बसुमातारी ने भी सभा के गठन और उसके प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया. निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप बोडो साहित्य सभा भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्था के रूप में उभरी. इसने बोडोभाषी समुदाय की साहित्यिक आकांक्षाओं को स्वर प्रदान किया और अपने संस्थागत प्रयासों के माध्यम से एक नई सामाजिक एवं बौद्धिक चेतना का संचार किया.
मातृभाषा में शिक्षा की शुरुआत कराने और उसे निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए संघर्ष करना बोडो साहित्य सभा के सबसे महत्वपूर्ण योगदानों में से एक रहा है.
अंततः, 18 मई 1963 को इस दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई. उस दिन असम के तत्कालीन मुख्यमंत्री बिमला प्रसाद चालिहा ने बोडो-बहुल कुछ चयनित क्षेत्रों में प्राथमिक शिक्षा के प्रारंभिक स्तर पर बोडो भाषा को शिक्षण का माध्यम बनाने का निर्णय लिया. इसके बाद, वर्ष 1968 में बोडो भाषा को माध्यमिक स्तर पर भी शिक्षण के माध्यम के रूप में मान्यता मिली. इन महत्वपूर्ण निर्णयों ने बोडो विद्यार्थियों के लिए अपनी मातृभाषा में औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त किया.
लिपि के लिए आंदोलन
उन्नीसवीं शताब्दी और बीसवीं शताब्दी के प्रारंभिक दशकों में बोडो भाषा रोमन, असमिया और बांग्ला लिपियों में लिखी जाती थी. औपचारिक शिक्षा के विस्तार और साहित्यिक गतिविधियों में वृद्धि के साथ एकरूप एवं मानक लेखन पद्धति अपनाने का प्रश्न अधिक महत्वपूर्ण होता गया.
बोडो साहित्य सभा ने भाषा के दीर्घकालीन विकास और संवर्धन के लिए एक उपयुक्त लिपि के चयन पर विचार-विमर्श प्रारंभ किया. 1960 के दशक और 1970 के प्रारंभिक वर्षों में समुदाय के कुछ वर्गों के बीच रोमन लिपि अपनाने की मांग काफी प्रबल हो गई. वर्ष 1974 में प्राथमिक विद्यालयों के लिए रोमन लिपि में प्रकाशित पाठ्यपुस्तक ‘बिथ’राइ’ ने इस बहस को और अधिक तीव्र कर दिया.
इसके बाद आंदोलन, टकराव और बलिदान का एक दौर शुरू हुआ. वर्ष 1974-75 का लिपि आंदोलन बोडो समुदाय की सामूहिक ऐतिहासिक स्मृतियों में सदैव के लिए अंकित हो गया. भारत सरकार के साथ हुई बातचीत और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हस्तक्षेप के बाद 25 अप्रैल 1975 को धींग में आयोजित बोडो साहित्य सभा के 16वें वार्षिक सम्मेलन में देवनागरी लिपि अपनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया. इस निर्णय के साथ बोडो भाषा की शिक्षा और साहित्य के औपचारिक विकास के लिए देवनागरी लिपि को मानक लिपि के रूप में स्वीकार किया गया.

संवैधानिक मान्यता
बोडो को एक स्थानीय भाषा से भारत के संविधान द्वारा मान्यता प्राप्त भाषा का दर्जा मिलना, भाषाओं को पहचान देने के लोकतांत्रिक इतिहास का एक असाधारण अध्याय बन गया. 1985 में एक अहम पड़ाव तब आया, जब असम सरकारी भाषा (संशोधन) अधिनियम के तहत बोडो आबादी वाले बड़े इलाकों में कुछ खास सरकारी कामों के लिए बोडो भाषा को सहायक सरकारी भाषा के रूप में इस्तेमाल करने का प्रावधान किया गया.
सबसे बड़ी संवैधानिक उपलब्धि दिसंबर 2003 में मिली, जब 92वें संविधान संशोधन अधिनियम, 2003 के तहत बोडो भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया. इससे बोडो भाषा को भारत की भाषायी विविधता के बड़े ढाँचे में जगह मिली.
बोडो बौद्धिक लेखन का विकास
इन दशकों में बोडो साहित्य के विषयों और लेखन की गहराई में काफी विस्तार हुआ. कविता, उपन्यास, कहानी, नाटक, साहित्य की समीक्षा, बच्चों का साहित्य, लोककथाएं, अनुवाद, शोध और शिक्षा से जुड़ी चर्चाओं ने इसके साहित्य को लगातार समृद्ध किया. मानक वर्तनी, व्याकरण, शब्दकोश, वैज्ञानिक शब्दों और साहित्यिक पत्रिकाओं ने भाषा में अपनी बात कहने की क्षमता बढ़ाई है. साथ ही, आज के बौद्धिक विषयों पर चर्चा करने की इसकी क्षमता भी बढ़ी है.
राष्ट्रीय स्तर पर साहित्य को मिली पहचान से बोडो साहित्य का और विस्तार हुआ है. साहित्य अकादेमी ने 2005 से अपने सालाना पुरस्कारों के जरिए बोडो साहित्य को सम्मान देना शुरू किया. इसके बाद से कई बोडो साहित्यकारों को साहित्य में उनके योगदान के लिए बड़े राष्ट्रीय सम्मान दिए गए हैं. इनमें ये सभी शामिल हैं: मंगल सिंह हाजोवारी (2005), कटीन्द्र स्वर्गीयरी (2006), जनिल कुमार ब्रह्मा (2007), विद्यासागर नरजरी (2008), मनोरंजन लहरी (2009), अरविंदो उजिर (2010), प्रेमानंद मोसहरी (2011), गुणेश्वर मोसहरी (2012), अनिल कुमार बोरो (2013), उरखाव गोरा ब्रह्मा (2014), ब्रजेन्द्र कुमार ब्रह्मा (2015), अंजलि नरजरी (2016), रीता बोरो (2017), ऋतुराज बसुमातारी (2018), फुकन चंद्र बसुमातारी (2019), धरणीधर ओवरी (2020), मावदाइ गहाई (2021), रश्मि चौधरी (2022), नांदेश्वर डैमरी (2023), आरोन राजा (2024) और सहायसुली ब्रह्मा (2025).
2021 में मंगल सिंह हाजोवारी और 2025 में प्रोफेसर अनिल कुमार बोडो को पद्मश्री से सम्मानित किया जाना बोडो साहित्य से जुड़े लोगों के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है. उनके योगदान से समुदाय की बौद्धिक और सांस्कृतिक विरासत को देश और दुनिया में पहचान मिली है.
आज की चुनौतियां
बोडो भाषा के आगे के विकास की दिशा एक बड़े और प्रगतिशील बौद्धिक एजेंडे पर आधारित होनी चाहिए. इसमें सबसे पहला जोर मातृभाषा में शिक्षा देने पर होना चाहिए. बोडो माध्यम वाले शिक्षण संस्थानों को अच्छी तरह प्रशिक्षित शिक्षकों, नई पाठ्यपुस्तकों, पढ़ाई के आधुनिक साधनों, डिजिटल शिक्षण सामग्री और मजबूत शिक्षा व्यवस्था की जरूरत है. बचपन से लेकर उच्च कक्षाओं तक हर स्तर पर मातृभाषा में शिक्षा को मजबूत किया जाना चाहिए.
दूसरा, उच्च शिक्षा और शोध का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए.
बोडो को उच्च स्तर की पढ़ाई और खास विषयों के ज्ञान की भाषा के रूप में विकसित किया जाना चाहिए. वैज्ञानिक शोध, टेक्नोलॉजी, अर्थशास्त्र, औषधि विज्ञान, कानून, पर्यावरण अध्ययन और आज के समाज विज्ञान जैसे विषयों पर ज्यादा जोर दिया जाना चाहिए.
तीसरा, डिजिटल और तकनीकी बदलावों को अपनाया जाना चाहिए.
आगे चलकर भाषा का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि वह डिजिटल दुनिया में अपनी जगह कैसे बनाए रखती है. हमें बोडो भाषा में यूनिकोड पर आधारित संसाधन, डिजिटल शब्दकोश, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, बोली पहचानने वाली व्यवस्था, मशीन से अनुवाद करने के साधन, एआई और ऑनलाइन पढ़ाई के मंच तेजी से विकसित करने होंगे.
चौथा, अनुवाद और अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना चाहिए.
बोडो कविता, कहानी, लोककथाओं और शोध की बेहतरीन रचनाओं का असमिया, हिंदी, अंग्रेज़ी और दूसरी विदेशी भाषाओं में अनुवाद होना चाहिए. इसी तरह, दुनिया के साहित्य का बोडो भाषा में अनुवाद होना चाहिए, ताकि इसके पाठक दुनिया की बौद्धिक और रचनात्मक विरासत से जुड़ सकें.
पांचवां, साहित्य को बढ़ावा देने वाली व्यवस्था बनाई जानी चाहिए.
नए लेखकों, कवियों, शोधकर्ताओं, पत्रकारों, अनुवादकों और स्वतंत्र प्रकाशकों को संस्थाओं से प्रोत्साहन, फेलोशिप, शोध के लिए अनुदान, साहित्यिक पुरस्कार और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक मंचों पर हिस्सा लेने के मौके मिलने चाहिए.
छठा, समुदाय के अंदर भाषायी विविधता को बचाया जाना चाहिए.
बोडोभाषी समुदाय की समृद्ध सोच, मौखिक परंपराओं, अलग-अलग क्षेत्रों की बोलियों और स्थानीय ज्ञान को व्यवस्थित तरीके से दर्ज करके सुरक्षित रखा जाना चाहिए.
सातवां, साहित्य को आज के समाज से जुड़े मुद्दों पर बात करनी चाहिए.
आधुनिक बोडो साहित्य को हमारे समय के जरूरी सवालों पर चर्चा करनी चाहिए. इनमें जलवायु परिवर्तन, स्थानीय लोगों के अधिकार, स्त्री-पुरुष समानता, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्य, शांति, इंसानी गरिमा, विस्थापन, रोजगार और तकनीकी बदलावों से जुड़े सवाल शामिल हैं.
भारत की भाषायी और सांस्कृतिक विविधता के प्रति बड़ी जिम्मेदारी
आज प्लैटिनम जुबली मनाते हुए हमें अपने भाषायी समुदाय की सीमाओं से आगे बढ़कर भी सोचने की जरूरत है. भाषा, संस्कृति और सभ्यता की विविधता के मामले में भारत दुनिया के सबसे खास देशों में शामिल है. इसकी ऐतिहासिक ताकत इसकी अलग-अलग भाषाओं, बोलियों, स्थानीय ज्ञान की व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं में छिपी है.
हालाँकि संविधान की आठवीं अनुसूची में 22 भाषाओं को मान्यता दी गई है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बोली जाने वाली दूसरी क्षेत्रीय और स्थानीय भाषाओं को ज्यादा संस्थागत प्रोत्साहन, शिक्षा के अवसर और तकनीकी मदद की जरूरत है.
भारत की भाषायी विविधता का भविष्य इस बात से भी तय होगा कि छोटे भाषायी समुदायों को अपनी मातृभाषाओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाने, विकसित करने और आगे बढ़ाने के लिए कितनी मदद मिलती है. बोडो के अनुभव से एक अहम सबक मिलता है कि इतिहास में पीछे छोड़ दिए गए भाषायी समुदाय भी किस तरह संवैधानिक मान्यता हासिल कर सकते हैं और देश की साहित्यिक विरासत में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.
2052 में सौ साल पूरे करने तक
इस ऐतिहासिक मौके पर मैं बोडो भाषा और साहित्य को बचाने तथा समृद्ध बनाने में योगदान देने वाले हर व्यक्ति के प्रति गहरा सम्मान और दिल से आभार जताता हूं. मैं इसके संस्थापक नेताओं, खासकर जयभद्र हगजेर और सोनाराम थाओसेन को विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं. उन शुरुआती साहित्यकारों और शिक्षकों को भी नमन करता हूं, जिन्होंने बोडो भाषा को कक्षाओं तक पहुंचाया. उन लेखकों और कवियों का सम्मान करता हूं, जिन्होंने साहित्य का खजाना बढ़ाया. उन विद्वानों को नमन करता हूं, जिन्होंने इसका व्याकरण और शब्दकोश तैयार किया. उन प्रकाशकों को भी नमन करता हूं, जिन्होंने साहित्य को पाठकों तक पहुंचाया और उन शहीदों को भी, जिन्होंने अपना बलिदान दिया.
जब हम 2052 में बोडो साहित्य सभा की स्थापना के 100 साल पूरे होने की ओर बढ़ रहे हैं, तो हमें अगले 25 साल के लिए एक ऐसी बड़ी योजना तैयार करनी चाहिए, जिसके लक्ष्य हासिल किए जा सकें.
इसलिए, हमें इन चीजों को बनाने के लिए काम शुरू करना चाहिए—
- बोडो साहित्य और संस्कृति का विश्वस्तरीय अभिलेखागार;
- बोडो भाषा का विस्तृत डिजिटल शब्दकोश और भाषायी डाटाबेस;
- अनुवाद और तुलनात्मक साहित्य के लिए एक आधुनिक केंद्र;
- स्थानीय भाषाओं पर शोध करने वाला संस्थान;
- बोडो शोधकर्ताओं का एक मजबूत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क;
- युवा लेखकों, शोधकर्ताओं और प्रकाशकों की मजबूत व्यवस्था;
- बोडो लोगों की मौखिक और लिखित विरासत को सुरक्षित रखने के लिए डिजिटल ज्ञान भंडार.
इस ऐतिहासिक मौके पर हम संकल्प लें कि अगले 25 साल को अभूतपूर्व साहित्यिक रचनात्मकता, शिक्षा में उत्कृष्टता, तकनीकी प्रगति और सांस्कृतिक जागरूकता के दौर में बदल देंगे. इससे हम दुनिया के ज्ञान, कल्पना और समझ के खजाने में अपना योगदान दे सकेंगे.
बोडो भाषा और साहित्य जिंदाबाद!
भाषायी विविधता और सांस्कृतिक मेलजोल की भावना जिंदाबाद!
बोडो साहित्य सभा की मजबूत विरासत जिंदाबाद!
जय बोडो थुनलाई, जय बोडो हरिमु, जय शांत बोडोलैंड!
प्रमोद बोरो राज्यसभा के सदस्य हैं. लेख में दिए गए विचार उनके निजी हैं.
(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: भारत यात्रा से रिश्तों को नई दिशा दे सकते हैं बालेन, दिल्ली और काठमांडू को इतिहास से आगे बढ़ना होगा