तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में गैर-द्रविड़ सरकार का छठा महीना शुरू हो गया है.
छह महीने पुरानी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सरकार कई विवादों में घिरी हुई है और उसके आसपास लगातार राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई है. कई अहम मुद्दों पर विजय अक्सर चुप्पी साध लेते हैं.
ऐसा ही एक विवाद TVK विधायक सी. अरुल विग्नेश से जुड़ा है. आरोप है कि कल्लाकुरिची का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक ने जिला कलेक्टर जेई पद्मजा को व्हाट्सऐप पर अश्लील संदेश भेजे और नशे की हालत में उनके घर भी पहुंचे. विधायक ने इन आरोपों से इनकार किया है और इन्हें राजनीति से प्रेरित बताया है.
विजय का व्यक्तित्व शांत और संयमित है. उन्हें उकसाने की कोशिश की जाए, तब भी उनकी प्रतिक्रिया शायद ही कभी उकसाने वाली होती है.
उनके सामने पहला संकट विधानसभा में बहुमत साबित करने का था. उन्होंने विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करके यह चुनौती पार की. यह एक साहसिक फैसला था. हालांकि, वह अब भी अल्पमत सरकार चला रहे हैं और विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप उनके लिए लगातार चुनौती बने हुए हैं.
विजय ने इस संकट का काफी हिम्मत से सामना किया. लेकिन मुख्यमंत्री के तौर पर अपने पहले छह महीनों में उन्होंने कई राजनीतिक गलतियां भी की हैं.
उन्हें कई मोर्चों पर कड़े राजनीतिक विरोध का सामना करना पड़ा है. ऐसी ही एक चुनौती मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम को लेकर हुआ विवाद था. 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम त्योहार के दिन पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून नाम के पत्थर के खंभे पर पारंपरिक दीप जलाने की अनुमति दी. कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के संबंधित निष्कर्षों पर रोक लगाते हुए यह अनुमति सिर्फ एक बार के लिए दी. साथ ही, यह भी साफ किया कि इस आदेश से आने वाले वर्षों में उस जगह पर दीप जलाने का कोई परंपरागत या धार्मिक अधिकार स्थापित नहीं होता. इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने इस आदेश पर पुनर्विचार की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया.
एक और चुनौती कर्नाटक की कांग्रेस सरकार है, जो मेकेदातु बांध बनाने पर अड़ी हुई है. सुप्रीम कोर्ट ने कावेरी नदी से अतिरिक्त पानी देने की तमिलनाडु की मांग भी खारिज कर दी है.
इसमें कोई शक नहीं कि विजय में ऐसी परिस्थितियों का सामना करने की इच्छाशक्ति है.
मैंने राजनीति में विजय के उभार और फिर मुख्यमंत्री बनने तक के उनके सफर को देखा है. ऐसे में उनकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव से करना सही लगता है. राव राजनीतिक उथल-पुथल के दौर में चुप रहने और अपनी बात अपने तक रखने के लिए जाने जाते थे. विजय भी कुछ इसी तरह का तरीका अपनाते दिख रहे हैं.
वह दो मजबूत विरोधियों, DMK और AIADMK, के बीच अल्पमत सरकार चला रहे हैं.
छह उपचुनाव, छह गठबंधन सहयोगी और छह विवाद
छह का आंकड़ा अब विजय के राजनीतिक भविष्य के सामने एक दिलचस्प चुनौती बनकर खड़ा है. उनकी पार्टी TVK को तमिलनाडु की छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का सामना करना है. ये सीटें हैं- पेरुंदुरई, अंबासमुद्रम, विरालीमलाई, करूर, तिरुचिरापल्ली ईस्ट और कोलाथुर.
इन सीटों पर चुनाव जनवरी 2027 के पहले पखवाड़े में होने की उम्मीद है.
क्या इन छह सीटों पर जीत हासिल करके TVK बहुमत का आंकड़ा छू पाएगी? या फिर बंटे हुए जनादेश से विजय सरकार की स्थिरता और अगला तमिलनाडु बजट पेश करने की उसकी क्षमता तय होगी?
राजनीतिक, प्रशासनिक और आर्थिक मोर्चों पर राज्य को उसकी वित्तीय मुश्किलों से बाहर निकालना नई सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हुआ है.
छह का आंकड़ा एक बार फिर सामने आता है. TVK सरकार छह दलों के समर्थन पर निर्भर है. ये दल हैं- कांग्रेस, VCK, CPM, CPI, IUML और MDMK.
विजय सरकार की स्थिरता सांप-सीढ़ी के खेल जैसी है. राजनीति में कोई भी अचानक हुआ घटनाक्रम रातोंरात पूरी स्थिति बदल सकता है.
कोलाथुर से TVK विधायक वी.एस. बाबू की मौत ने एक और राजनीतिक संभावना पैदा कर दी है. बाबू ने DMK नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को हराया था. अब अगर DMK उन्हें उपचुनाव में उम्मीदवार बनाती है, तो स्टालिन फिर से विधानसभा में पहुंच सकते हैं. जाहिर है, दोनों नेताओं के लिए यह मुकाबला प्रतिष्ठा का सवाल होगा.
इसके अलावा छह और विवादित मुद्दे हैं, जिनकी वजह से सरकार पर दबाव बढ़ा है.
पहला, परंदूर एयरपोर्ट परियोजना को रद्द करना.
दूसरा, सभी 234 विधायकों को मुफ्त कारें देना.
इस योजना का मकसद TVK के पहली बार विधायक बने सदस्यों को खुश करना था. लेकिन इसका उलटा असर हुआ. सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में देरी और मुश्किलों की वजह राज्य की खराब वित्तीय स्थिति और पिछली सरकार से मिले कर्ज के बोझ को बताया है. ऐसे में विधायकों को कारें देने के फैसले पर विपक्ष ने सरकार की कड़ी आलोचना की.
तीसरा, विधायकों के भत्ते बढ़ाना और उन्हें दीपावली के तोहफे देना.
विधायकों के भत्ते बढ़ाने और महाबलीपुरम के एक रिसॉर्ट में बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान सत्ताधारी पार्टी के विधायकों को दीपावली के तोहफे बांटने को लेकर भी सरकार की आलोचना हुई है.
चौथा, गाइडेंस तमिलनाडु में प्रतिभा और निवेश को लेकर विवाद.
उद्योग विभाग से डेटा चोरी होने के आरोप लगे हैं. कहा गया कि निवेश से जुड़ी संवेदनशील जानकारी आंध्र प्रदेश सरकार को दे दी गई. इससे संभावित निवेशकों की जानकारी सुरक्षित रखने की राज्य की क्षमता पर सवाल उठे हैं.
पांचवां, जेल से बार-बार कैदियों का फरार होना.
तमिलनाडु में चेन्नई, थेनी, कोयंबटूर और मदुरै की जेलों तथा पुलिस हिरासत से कम से कम पांच से छह कैदियों के फरार होने की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं ने मुख्यमंत्री विजय की TVK सरकार के लिए जेलों की सुरक्षा को एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया है.
छठा, विजय का लंदन दौरा.
विजय के लंदन दौरे को लेकर भी राजनीतिक आलोचना हुई. वह सिल्वरस्टोन में मिशेलिन ले मैंस कप में अपने साथी अभिनेता अजित कुमार की रेस देखने गए थे. हालांकि, मुख्यमंत्री का यह दौरा निवेश आकर्षित करने और मोटरस्पोर्ट्स से जुड़े बुनियादी ढांचे का अध्ययन करने के लिए आधिकारिक दौरा था. लेकिन DMK ने उनके दौरे के मकसद पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि वह अपने दोस्त की कार रेस देखने गए थे.
मुख्यमंत्री विजय और उनकी TVK सरकार को सत्ता में आए छह महीने हो चुके हैं और वे संकट का सामना कर रहे हैं. अब तक प्रभावी प्रशासन और सुशासन का कोई खास ठोस उदाहरण सामने नहीं आया है. उनकी लोकप्रियता और फिल्मी सितारे वाली छवि लगातार बढ़ती आलोचनाओं से सरकार को बचा रही है. लेकिन आगे राजनीतिक हालात बिगड़ने का खतरा बना हुआ है. विधानसभा की छह सीटों पर होने वाले उपचुनाव उनकी सरकार के लिए एक तरह से जनमत संग्रह साबित होंगे.
आर्थिक और प्रशासनिक मुश्किलों का दलदल
इससे भी ज्यादा चिंता की बात यह है कि TVK सरकार गहरे आर्थिक और प्रशासनिक संकट में फंसी नजर आ रही है और इससे निकलने का कोई आसान रास्ता नहीं दिख रहा.
सभी राजनीतिक दलों ने जनता से कई बड़े कल्याणकारी वादे किए हैं. इन वादों को पूरा करने के बोझ ने राज्य की आर्थिक मुश्किलें बढ़ाई हैं. अब विजय सरकार ऐसी स्थिति का सामना कर रही है, जिसे ‘वित्तीय गिरफ्तारी’ कहा जा सकता है. यह कुछ वैसा ही है, जैसे ‘डिजिटल अरेस्ट’ शब्द इन दिनों आम चर्चा का हिस्सा बन गया है.
फिल्मों से मुख्यमंत्री बने इस लोकप्रिय अभिनेता को बजट से जुड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद विधानसभा में पेश की गई CAG की रिपोर्टों ने पिछली DMK सरकार की वित्तीय स्थिति को सामने रखा है. विजय सरकार ने श्वेत पत्र भी जारी किए हैं, जिनमें एम.के. स्टालिन की मंत्रिपरिषद के कार्यकाल में कथित गड़बड़ियों को उजागर किया गया है. हालांकि, इन खुलासों का मतदाताओं पर अब तक वैसा असर नहीं हुआ है, जैसी सरकार को उम्मीद थी.
TVK सरकार ने अपने पहले छह महीनों में राज्य की अर्थव्यवस्था को कैसे संभाला है?
मुख्यमंत्री के तौर पर विजय ने दो ऐसे नेताओं से सलाह ली है, जिनके राजनीतिक और आर्थिक विचार एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं. इनमें एक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण हैं और दूसरे पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम.
विजय न तो वामपंथी विचारधारा के कट्टर समर्थक हैं और न ही दक्षिणपंथी कट्टरपंथी. उन्होंने साफ कहा है कि उनकी प्राथमिकता ‘तमिलनाडु फर्स्ट’ यानी सबसे पहले तमिलनाडु है और राज्य के आठ करोड़ मक्कल (लोगों) का कल्याण है.
हालांकि, अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे के विकास के मामले में TVK सरकार को अभी अपनी क्षमता साबित करनी है.
विजय सरकार के एक फैसले की तारीफ की जानी चाहिए. उन्होंने केंद्र सरकार के साथ टकराव से बचने का फैसला किया है. उनका कहना है कि केंद्र और राज्य के बीच संबंध अच्छे बने रहने चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब चेन्नई मेट्रो के उद्घाटन के लिए चेन्नई आए, तो विजय उनके काफिले में सफर करने के लिए तुरंत तैयार हो गए. सुरक्षा अधिकारियों ने सुझाव दिया था कि प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री एक साथ काफिले में चलें, ताकि प्रधानमंत्री के तीन तय कार्यक्रमों को देखते हुए ट्रैफिक जाम से बचा जा सके. विजय इस व्यवस्था के लिए तैयार हो गए और राज्यपाल की गाड़ी के बाद तीसरी कार में सफर किया.
विजय के प्रशासन का आकलन सिर्फ उनके पहले छह महीनों के आधार पर करना जल्दबाजी हो सकती है. बशर्ते वह अपने कार्यकाल के बाकी साढ़े चार साल में ठोस नतीजे दें और प्रभावी ढंग से सरकार चलाएं.
विजय को किसी भी नजरिये से देखें, चाहे वह उजला हो या अंधेरा, वामपंथी हो या दक्षिणपंथी, उनकी निजी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. एक फिल्मी सितारे के तौर पर उनका आकर्षण अब भी बरकरार है. लेकिन उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम को कानून-व्यवस्था संभालने के तरीके को लेकर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. विजय का अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और विधायकों पर नियंत्रण भी चिंता का विषय बनता जा रहा है.
आठ करोड़ तमिल लोगों ने विजय जोसेफ के नेतृत्व वाली TVK सरकार पर भरोसा जताया है. अब वे मई 2031 तक इंतिजार करेंगे और देखेंगे कि उनका यह भरोसा उन्हें वास्तव में खुशहाली और अच्छा शासन दे पाता है या नहीं.
आर. राजगोपालन सीनियर पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक हैं. वे @RAJAGOPALAN1951 पर ट्वीट करते हैं. विचार निजी हैं.
(इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: वाजपेयी-आडवाणी की BJP के सहारे बढ़े ममता, नवीन, नीतीश, अब मोदी-शाह की भाजपा के सामने हिसाब चुकाने की बारी