scorecardresearch
Sunday, 1 November, 2026
होमदेशईरानी गिरोह के सरगना के खिलाफ मकोका के तहत आरोपपत्र दाखिल

ईरानी गिरोह के सरगना के खिलाफ मकोका के तहत आरोपपत्र दाखिल

Text Size:

नयी दिल्ली, एक नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कई राज्यों में लूट, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों में शामिल होने के आरोप में ईरानी गिरोह के कथित सरगना नासिर हाफिज खान (उर्फ समीर) और उसके दो साथियों के खिलाफ सख्त महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दाखिल किया है।

एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि खान, अली चुन्ना उर्फ राजा और अकबर अली उर्फ कबीर के खिलाफ मकोका की धाराओं तीन और चार के तहत मुख्य आरोपपत्र राउज एवेन्यू स्थित विशेष मकोका अदालत में दाखिल किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सक्रिय था। खान के खिलाफ लगभग 46 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उसके दो साथियों के खिलाफ क्रमशः 10 और 22 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

अधिकारी ने बताया, ‘‘अक्टूबर 2025 में हुई लगभग 18.84 लाख रुपये की लूट की घटना की जांच के बाद जून में डीबीजी रोड थाने में मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया था।’’

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच करने पर पता चला कि वे एक संगठित नेटवर्क चला रहे थे, जो आर्थिक लाभ के लिए लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।

पुलिस ने धन के कथित लेन-देन का पता लगाने के लिए बैंक खातों, संपत्ति के रिकॉर्ड, वाहनों के वित्तपोषण से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच की।

भाषा सुरभि दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments