नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 1 नवंबर को भोपाल के शौर्य स्मारक में ‘संकल्प वृक्ष’ लगाया. यह कार्यक्रम 15 जनवरी 2027 को होने वाले सेना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया. वृक्ष को राज्य के सभी 55 जिलों से ‘मेरी माटी’ अभियान के तहत जुटाई गई मिट्टी से सींचा गया.
मुख्यमंत्री ने सैन्य प्रदर्शनी का भी जायजा लिया, जिसमें भारतीय सेना के शौर्य, सामरिक क्षमता और तकनीकी नवाचारों को दिखाया गया है. उन्होंने कहा कि 1 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक भोपाल में सेना के शौर्य और पराक्रम से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे. पहली बार भोपाल में सेना दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा.
यादव ने कहा कि सभी जिलों से मिट्टी जुटाना मध्यप्रदेश की एकता और सामूहिक भागीदारी का प्रतीक है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अग्निवीर योजना और एनसीसी के जरिए युवाओं में देशभक्ति और अनुशासन की भावना विकसित करने के प्रयासों की सराहना की.
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ और 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सेना दिवस का आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा.