नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दावा किया है कि फरवरी 2027 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार राज्य में दोगुनी गति से विकास करेगी और हर व्यक्ति को सम्मान देगी.
सैनी पंजाब के बलाचौर हलके के गांव बागोवाल में युवा रैली को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान रवि इन्द्र बलाचौर ने अपने साथियों के साथ भाजपा की सदस्यता ली. मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा.
सैनी ने युवाओं से अपने लक्ष्य बड़े रखने, रोज तैयारी करने और नशे तथा निराशा से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़ने पर युवाओं में नेतृत्व और राष्ट्रीयता की भावना बढ़ती है.
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पर पंजाब में नशा और भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने नशा खत्म करने और रोजगार देने के वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया.
सैनी ने कहा कि भाजपा ने पंजाब में नशे के खिलाफ यात्रा निकाली, जिसे लोगों का समर्थन मिला. उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील भी की.