scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशकेंद्र जम्मू एवं श्रीनगर की मेट्रो परियोजनाओं पर विचार कर रहा : मंत्री

केंद्र जम्मू एवं श्रीनगर की मेट्रो परियोजनाओं पर विचार कर रहा : मंत्री

Text Size:

जम्मू, 31 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर सरकार ने मंगलवार को कहा कि केंद्र दोनों राजधानियों- जम्मू और श्रीनगर में मेट्रो परियोजनाओं के प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा है, जिसका उद्देश्य दोनों शहरों के परिवहन बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।

शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने विधानसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि दोनों शहरों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) राइट्स लिमिटेड कंपनी द्वारा तैयार कर ली गई है।

भाजपा विधायक मोहन लाल ने यह प्रश्न पूछा था। उनके सवाल के जवाब में इटू ने बताया कि जम्मू शहर में व्यापक भू-सर्वेक्षण, यातायात अध्ययन, व्यवहार्यता विश्लेषण और डीपीआर तैयार किया गया है। डीपीआर में यात्रियों की संख्या का अनुमान (2035 तक प्रतिदिन 2.84 लाख यात्री), लागत अनुमान, भूमि आवश्यकता (29.58 हेक्टेयर स्थायी और 1.50 हेक्टेयर अस्थायी), पर्यावरणीय और भूकंपीय डिजाइन संबंधी विचार और वित्तीय संरचना शामिल हैं।

मंत्री ने बताया कि आर्थिक आंतरिक प्रतिफल (ईआईआरआर) 18.92 प्रतिशत आंका गया है।

इटू ने कहा कि फिलहाल मेट्रोलाइट कॉरिडोर को अखनूर शहर तक विस्तारित करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है और भविष्य में किसी भी विस्तार के लिए अलग से व्यवहार्यता मूल्यांकन और केंद्र सरकार की मंजूरी आवश्यक होगी।

श्रीनगर शहर के संबंध में मंत्री ने कहा कि राइट्स लिमिटेड के माध्यम से विस्तृत सर्वेक्षण, यातायात और यात्री संख्या का आकलन, इंजीनियरिंग व्यवहार्यता अध्ययन, वित्तीय और आर्थिक विश्लेषण आदि किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाओं के लिए डीपीआर को अंतिम रूप देने के बाद मूल्यांकन के लिए केंद्र को प्रस्तुत कर दिया गया है।

भाषा अविनाश नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments