scorecardresearch
Thursday, 9 July, 2026
होमदेशब्रिक्स देशों ने महिला मंत्रियों की बैठक में पहला संयुक्त बयान अपनाया: केंद्रीय मंत्री

ब्रिक्स देशों ने महिला मंत्रियों की बैठक में पहला संयुक्त बयान अपनाया: केंद्रीय मंत्री

Text Size:

कोच्चि, नौ जुलाई (भाषा) महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ब्रिक्स देशों ने पहली बार महिला मंत्रियों की बैठक में सर्वसम्मति से एक संयुक्त बयान अपनाया है।

इस बयान में महिलाओं के लिए डिजिटल समावेशन और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने तथा सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करने के मामले में सहयोग करने पर सहमति व्यक्ति की गयी है।

यहां ब्रिक्स के सदस्य देशों के महिला विभागों के मंत्रियों की बैठक के समापन के बाद देवी ने पत्रकारों से कहा कि भारत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ब्रिक्स के सभी सदस्य देशों के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘ भारत में आयोजित यह चौथी बैठक थी। यह पहली बार था जब पूरी सहमति के साथ एक संयुक्त बयान जारी और स्वीकार किया गया। इसके साथ ही, सभी ब्रिक्स देशों ने ‘महिलाओं के नेतृत्व में विकास’ के दृष्टिकोण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सर्वसम्मति से दोहराया।’’

मंत्री ने कहा कि सदस्य देश दो अहम लक्ष्यों पर भी सहमत हुए — महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए बेहतरीन तौर-तरीके साझा करना तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं के डिजिटल समावेशन और क्षमता निर्माण पर मिलकर काम करना।

उन्होंने कहा, ‘‘संयुक्त बयान को बहुत ही सकारात्मक माहौल में अंतिम रूप दिया गया। कोच्चि में हुई बैठकों के दौरान सभी ने भारत की अध्यक्षता की बहुत तारीफ की।’’

उन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए केरल सरकार का धन्यवाद किया।

ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों की दो दिवसीय बैठक बृहस्पतिवार को संपन्न हुई।

ब्रिक्स में आरंभ में ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे लेकिन 2024 में इसका विस्तार हुआ और इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब एवं संयुक्त अरब भी शामिल हो गए। वर्ष 2025 में इंडोनेशिया भी इस समूह में शामिल हो गया।

भारत इस साल सितंबर में नयी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेज़बानी करेगा।

ब्रिक्स की अध्यक्षता के तहत, भारत शिखर सम्मेलन से पहले देश भर में कई बैठकों का आयोजन कर रहा है।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments