scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशबोरदोलोई के बेटे प्रतीक का कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार

बोरदोलोई के बेटे प्रतीक का कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार

Text Size:

गुवाहाटी, 19 मार्च (भाषा) असम के सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद उनके बेटे प्रतीक ने घोषणा की है कि वह आगामी विधानसभा चुनावों में मार्गेरिटा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष और केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बुधवार को लिखे एक पत्र में प्रतीक ने कहा कि वह पार्टी के सदस्य बने रहेंगे।

कांग्रेस ने इस महीने की शुरुआत में जारी की गई अपनी पहली सूची में प्रतीक को मार्गेरिटा सीट से अपना उम्मीदवार नामित किया था। इस सीट का उनके पिता ने विधानसभा में चार बार प्रतिनिधित्व किया था।

पत्रकारों के साथ बृहस्पतिवार को साझा किए गए इस पत्र में प्रतीक ने कहा कि उनके पिता के दूसरी पार्टी में शामिल होने के फैसले के बाद उनके लिए मार्गेरिटा से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में बने रहना उचित नहीं होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के प्रति अत्यंत सम्मान और गहरी जिम्मेदारी की भावना के साथ मैं मार्गेरिटा विधानसभा क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के अपने निर्णय से अवगत कराना चाहता हूं।’’

प्रतीक ने कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि मार्गेरिटा के लोगों और कांग्रेस समर्पित अनगिनत कार्यकर्ताओं को पार्टी के उम्मीदवार के बारे में पूरी स्पष्टता तथा विश्वास पाने का अधिकार है।’’

प्रतीक ने जोर देकर कहा कि वह पार्टी के लिए उस क्षमता से काम जारी रखेंगे जिसे नेतृत्व उचित समझेगा।

उन्होंने कहा कि उनका निर्णय ‘‘पूरी तरह से संगठन के प्रति सम्मान और कांग्रेस पार्टी के मूल्यों एवं अनुशासन को बनाए रखने की इच्छा से प्रेरित है’’।

बहुत कम उम्र से ही पार्टी के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके आदर्शों ने उनकी राजनीतिक सोच को आकार दिया है और उन्होंने वर्षों से उन पर दिखाए गए विश्वास तथा प्रोत्साहन के लिए नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

उनके पिता पांच दशकों से अधिक समय तक कांग्रेस में रहे और मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अगले दिन वह भाजपा में शामिल हो गए।

असम विधानसभा की 126 सीट के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे जबकि मतगणना चार मई को होगी।

भाषा यासिर नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments