scorecardresearch
Saturday, 25 July, 2026
होमदेशकर्नाटक के पीएचडी छात्र का शव केरल कृषि विश्वविद्यालय परिसर में एक तालाब में मिला

कर्नाटक के पीएचडी छात्र का शव केरल कृषि विश्वविद्यालय परिसर में एक तालाब में मिला

Text Size:

त्रिशूर, 25 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के एक पीएचडी छात्र (25) का शव शनिवार तड़के केरल कृषि विश्वविद्यालय के वेल्लानिक्करा परिसर स्थित एक तालाब में मिला जिसके बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान किशोर कुमार गौड़ा के रूप में हुई है। वह सब्जी विज्ञान विभाग में पीएचडी प्रथम वर्ष का छात्र था और विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहता था।

पुलिस के अनुसार, गौड़ा शनिवार देर रात 12:05 बजे से एक बजे के बीच विश्वविद्यालय परिसर स्थित ‘फ्रूट क्रॉप्स रिसर्च स्टेशन’ के एक तालाब में पड़ा मिला।

अग्निशमन एवं बचाव सेवा के कर्मियों ने उसे तालाब से बाहर निकाला और त्रिशूर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रात दो बजकर 50 मिनट पर उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने छात्रावास के सहायक वार्डन की शिकायत के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। छात्र के परिवार के बेंगलुरु से पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि गौड़ा ड्रैगन फ्रूट तोड़ने के लिए बाहर गया था, हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

भाषा शोभना सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments