scorecardresearch
Saturday, 11 July, 2026
होमदेशवियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास नाव पलटी, कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास नाव पलटी, कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने कहा कि आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फु क्वोक द्वीप के पास पलटी इस नाव में 32 भारतीय पर्यटक सवार थे.

Text Size:

फु क्वोक (वियतनाम): वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को 36 लोगों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलट गई. इस हादसे में भारतीय पर्यटकों समेत कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई. यह जानकारी वियतनामी अखबार वीएन एक्सप्रेस ने दी.

वीएन एक्सप्रेस ने फु क्वोक स्पेशल इकोनॉमिक जोन के अधिकारियों के हवाले से बताया कि ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की यह स्पीडबोट पर्यटकों को होन मे रुट द्वीप से एन थोई पोर्ट लेकर जा रही थी. यह पोर्ट फु क्वोक एयरपोर्ट से करीब 25 किलोमीटर दूर है. शनिवार दोपहर (स्थानीय समय) नाव अचानक पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए.

रिपोर्ट के मुताबिक, नाव पलटते ही आसपास मौजूद दूसरी पर्यटक नौकाएं बचाव के लिए मौके पर पहुंच गईं.

बचाव अभियान में शामिल एक नाव मालिक ने बताया कि उनकी नाव करीब पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई थी. लेकिन कई यात्री पलटी हुई नाव के अंदर फंसे होने की वजह से राहत और बचाव अभियान में दिक्कत आई. वीएन एक्सप्रेस ने यह जानकारी दी.

शनिवार देर शाम तक बचाव दल ने सभी 36 लोगों को किनारे पहुंचा दिया.

इनमें 21 लोग बच गए, जबकि दो महिलाओं और 13 पुरुषों समेत 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. वीएन एक्सप्रेस ने यह जानकारी दी.

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने कहा कि आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फु क्वोक द्वीप के पास पलटी इस नाव में 32 भारतीय पर्यटक सवार थे.

दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास पलटी नाव में ये 32 भारतीय पर्यटक सवार थे.”

नाव में 32 भारतीयों के अलावा चालक दल के तीन सदस्य और एक फ्लाइट अटेंडेंट भी सवार थे.

इससे पहले भारतीय दूतावास ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया था कि प्रभावित परिवारों की मदद और जानकारी देने के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है.

दूतावास ने पोस्ट में कहा, “कुछ घंटे पहले वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव दुखद हादसे का शिकार हो गई. स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव अभियान चला रहा है और हादसे की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है.”

दूतावास ने बताया कि कंट्रोल रूम से +84 36 281 7930, +84 91 552 3714 और +84 33 452 0414 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है.

इसके अलावा, हनोई में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है. सहायता और जानकारी के लिए +84 91 308 9165 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.


यह भी पढ़ें: समाजवाद का ‘स्वर्ग’ या भ्रम? राष्ट्रीयकरण, नियंत्रण और भारतीय अर्थव्यवस्था पर सवाल


 

share & View comments