scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशबीकेयू कादियां ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शिअद को दिया समर्थन

बीकेयू कादियां ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शिअद को दिया समर्थन

Text Size:

चंडीगढ़, दो नवंबर (भाषा) संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) से जुड़े किसान संगठन भारतीय किसान यूनियन (कादियां) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की।

बीकेयू (कादियां) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कादियां ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में यह घोषणा की।

कादियां ने कहा, ‘हमने शिअद को बिना शर्त समर्थन देने से पहले तीन महीने तक व्यापक विचार-विमर्श किया। हमने सभी राजनीतिक दलों से संपर्क किया और पाया कि शिअद को छोड़कर किसी भी अन्य दल के पास किसान समर्थक नीति या योजना नहीं है।’

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के कल्याण के मामले में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों ही सरकारों का पिछला प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है।

कादियां ने कहा, ‘आप सरकार हमारे संगठन के साथ किए गए लिखित समझौते से भी पीछे हट गई। इसने पिछले साल आई बाढ़ और छह महीने से भी अधिक समय पहले हुए ओलावृष्टि के कारण भारी नुकसान झेलने वाले किसानों को वादे के अनुसार मुआवजा भी नहीं दिया।’

उन्होंने कहा, ‘इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए, हमें लगता है कि केवल शिअद जैसा क्षेत्रीय दल, जो श्री अकाल तख्त साहिब की मर्यादा का सम्मान करता है, वही पंजाब के किसानों के हितों की रक्षा कर सकता है।’

बीकेयू (कादियां) उस संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) का हिस्सा था, जिसने 2020 में केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था।

शिरोमणि अकाली दल ने सितंबर 2020 में अब रद्द किए जा चुके तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था।

भाषा

सुमित माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments