(फाइल फोटो के साथ)
बेंगलुरू, 10 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को कहा कि राज्य में 10 मई को होने जा रहे विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सूची मंगलवार या बुधवार को जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सूची को अंतिम रूप देने में कोई भ्रम की स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अधिक संभावना है कि पहली सूची मंगलवार या बुधवार को जारी कर दी जाएगी।’’
बोम्मई ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची आज शाम जारी होने की संभावना थी, लेकिन चूंकि और अधिक चर्चा की जानी है, इसलिए यह मंगलवार या बुधवार को जारी की सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कुछ उम्मीदवारों के बारे में और जानकारी जुटाई जानी है और नये उम्मीदवारों पर चर्चा करनी होगी।’’
इससे पहले दिन में, पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य बी. एस. येदियुरप्पा ने कहा था कि 224 सदस्यीय विधानसभा चुनावों के लिए 170 से 180 उम्मीदवारों की पहली सूची आज शाम तक जारी की जाएगी।
हालांकि, बाद में दोपहर में येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘कल सभी विधानसभा सीट के बारे में चर्चा की गई। आज फिर से हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कुछ और स्पष्टीकरण के लिए मुझे बुलाया। मैंने उन्हें जानकारी दी। वह इसे (सूची को) आज शाम या कल मंजूरी दे सकते हैं।’’
येदियुरप्पा ने इस बात से इनकार किया कि सूची जारी करने में देर की जा रही है। उन्होंने कहा कि चर्चा हुई है और इसे (सूची को) अंतिम रूप दिया जाएगा।
यह पूछे जाने पर कि सुबह में नड्डा द्वारा बुलाई गई बैठक में मौजूद नहीं होने से क्या वह नाखुश हैं, येदियुरप्पा ने इससे इनकार करते हुए कहा, ‘‘मैंने जो कुछ भी सुझाव दिये थे वे (भाजपा नेतृत्व) सहमत हो गये। हम (चुनाव में) स्पष्ट बहुमत हासिल करने जा रहे और हम सरकार बनाने जा रहे हैं। इस बारे में कोई संदेह नहीं है।’’
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.