scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमदेशबहुमत परीक्षण होने पर बंगाल विधानसभा में भाजपा को 275 विधायकों का समर्थन मिलेगा: मुख्यमंत्री

बहुमत परीक्षण होने पर बंगाल विधानसभा में भाजपा को 275 विधायकों का समर्थन मिलेगा: मुख्यमंत्री

Text Size:

कोलकाता, 21 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को दावा किया कि यदि विधानसभा में बहुमत परीक्षण कराया जाता है, तो 294 सदस्यीय सदन में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 275 विधायकों का समर्थन मिलेगा।

उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीतने वाले 64 विधायक भाजपा का समर्थन करेंगे।

चोरबागान भगदड़ के एक पीड़ित के घर का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा सोशल मीडिया या टेलीविजन पर होने वाली चर्चाओं के कारण नहीं जीती। मैंने भवानीपुर में (पूर्व मुख्यमंत्री) ममता बनर्जी को हराया। (भाजपा विधायक) सजल घोष सोशल मीडिया के कारण नहीं जीते। हमारी ‘सनातनी सरकार’ है, जिसे लोगों ने चुना है।’’

उत्तर कोलकाता में 17 अक्टूबर को चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए थे।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘विधानसभा में बहुमत परीक्षण होने दीजिए… हमारी संख्या 275 तक पहुंच जाएगी।’’

पिछली वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 49 वर्षों में जो गंदगी जमा हुई है, उसे हमारी सरकार पिछले छह महीनों में साफ कर रही है।’’

शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया, ‘‘ममता तृणमूल कांग्रेस अपनी पहचान, संख्या और झंडा खो देगी, क्योंकि राज्य में उसे जनता का कोई समर्थन प्राप्त नहीं है।’’

इस साल अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 208 सीटें जीती थीं और इस तरह तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया था। तृणमूल कांग्रेस लगातार 15 वर्षों से सत्ता में थी।

भाषा शफीक प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments